45 लाख के बजट से बनी खानपुर-लकसर हाईवे से ब्राह्मणवाला गांव तक जाने वाली सड़क डेढ़ माह में ही ध्वस्त हो गई। वर्तमान में जगह जगह से उखड़ी पड़ी सड़क को देखने से लगता है कि ये कई साल पहले बनाई गई है। सड़क की डेढ़ महीने में ही बदहाली से क्षेत्रीय ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों ने सड़क की जांच करवाकर संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के खानपुर-लक्सर हाईवे से ब्राह्मणवाला गांव तक करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क का लोक निर्माण विभाग ने लगभग डेढ़ माह पहले 45 लाख की लागत से निर्माण कराया था। निर्माण के डेढ़ माह बाद से ही नवनिर्मित सड़क से जगह जगह से बजरी उखड़ने लगी है। क्षेत्रीय ग्रामीण सुमित कुमार, भगत सिंह पंवार, अरुण कुमार, कुलदीप चौधरी, मनदीप आदि का कहना है कि सरकार हर गांव तक पक्की सड़कें बिछाना चाह रही है, लेकिन विभाग की हीलाहवाली और ठेकेदार की मनमानी के चलते विकास कार्य सही तरीके से नहीं हो पा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते से सर्दियों में किसान अपने वाहनों में गन्ना लादकर लक्सर शुगर मिल जाते हैं। अभी से टूट रही सड़क आगे और भी खस्ताहाल हो जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को जल्द से जल्द इसकी दोबारा मरम्मत करानी चाहिए। वहीं, लोक निर्माण विभाग लक्सर के एसडीओ ललित मोहन बिष्ट का कहना है कि फिलहाल सर्दी का मौसम है। फरवरी में इस सड़क की दोबारा मरम्मत कराई जाएगी।