अवैध शराब बिक्री पर मुखर हुआ उक्रांद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तीर्थनगरी और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब के बढ़ते कारोबार के विरोध में उक्रांद कार्यकर्ताओं ने तहसील में धरना दिया। पुलिस प्रशासन पर अवैध की बिक्री पर रोक लगाने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। कहा रूषाफार्म, गुलरानी, टोंगिया, भट्टोवाला क्षेत्र में धड़ल्ले से शराब बनाई जा रही है। बाहरी लोग क्षेत्र में कच्ची शराब बनाकर माहौल खराब करने का काम कर रहे हैं। इस संबंध में एसडीएम को ज्ञापन देकर शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की गई। ऐसा न होने पर उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई।
उक्रांद कार्यकर्ता शनिवार को संगठन के गढ़वाल मंडल युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेंद्र गैरोला के नेतृत्व में तहसील पहुंचे। तीर्थनगरी और आसपास के क्षेत्रों में शराब की अवैध बिक्री के विरोध में वहां धरने पर बैठ गए। इस दौरान हुई बैठक में गैरोला ने कहा कि अवैध शराब कारोबार के विरोध में कई बार आंदोलन चलाया गया। रूषाफार्म और गुमानीवाला क्षेत्र के जंगल में कई बार कच्ची शराब की भट्टियां भी बरामद की गई।
महिलाओं ने भी कई बार शराब के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। बावजूद इसके शराब का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा शराब बंदी के मुहिम में पुलिस और वन विभाग की और से ग्रामीणों को उपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है। बाद में उक्रांद कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन दिया। जिसमें शराब बंदी के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की गई। धरने पर नवीन अग्रवाल, शांति तड़ियाल, लक्ष्मी, शांता, अन्नपूर्णा, ममता रावत, सोणी देवी, रुक्मणि, जगदंबा देवी, ऐला देवी, दर्शनी देवी, मनोरमा उनियाल, सुंदरा देवी, सरोजनी देवी व लक्ष्मी कठैत आदि बैठी रहीं।