ऋषिकेश। तीर्थनगरी में वीकेंड पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम, मुनिकीरेती क्षेत्र में दिनभर पर्यटकों की चहलकदमी देखने को मिली। रामझूला, लक्ष्मणझूला और जानकीसेतु पुल सैलानियों से पैक रहे। क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही देख स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिल उठे।
तीर्थनगरी के गंगा घाट और तट पर्यटकों से गुलजार रहे। साहसिक खेलों के शौकीन पर्यटकों ने गंगा नदी में राफ्टिंग का लुत्फ उठाया। सुबह से लेकर सूर्यास्त तक गंगा नदी में रंग बिरंगी राफ्टें तैरती हुईं दिखाई दीं। बढ़ती भीड़भाड़ के चलते नेपालीफार्म, श्यामपुर चौकी, कोयलघाटी, पुरानी चुंगी, मुख्यबाजार, चंद्रभागा, कैलासगेट, मुनिकीरेती, खारास्रोत तिराहा, शिवानंद गेट और तपोवन क्षेत्र में दिनभर वाहन रेंगरेंग कर चलते रहे। 15 मिनट की दूरी लोगों ने आधा से एक घंटे में पूरा किया। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात रहे। इसके अलावा तीर्थनगरी में संचालित कैंप और होटल पर्यटकों से पैक रहे।