विकासखंड डोईवाला में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए चल रही मतगणना देर अपराह्न समाप्त हो गई। मतगणना में लगे कर्मचारियों ने शाम पांच बजे तक सभी मतपेटियों के मतपत्रों की गिनती पूरी कर ली। देर शाम तक सभी नतीजे ऑनलाइन कर दिए गए, और निर्वाचित प्रतिनिधियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज डोईवाला में मंगलवार को मतगणना दूसरी दिन भी जारी रही। डोईवाला विकासखंड में ग्राम प्रधानों के 35, क्षेत्र पंचायत सदस्यों के 40, ग्राम पंचायत सदस्यों के 386 और जिला पंचायत सदस्य पदों के पांच सीटों के लिए चुनाव उतरे करीब 725 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हुआ था। मतों की गिनती सोमवार की सुबह आठ बजे से प्रारंभ हुई थी।
डोईवाला ब्लॉक की मतगणना साढ़े चौदह राउंड तक चली। देर अपराह्न तक सभी सीटों के नतीजे घोषित कर दिए गए। ग्राम प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य के परिणाम डोईवाला में घोषित हुए जबकि जिला पंचायत सदस्य पदों की गिनती डोईवाला में हुई जबकि परिणाम देहरादून से घोषित किए गए। मुख्य विकास अधिकारी जीएस रावत और पुलिस क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश वीरेंद्र सिंह रावत ने भी मंगलवार को मतगणना की व्यवस्थाओं का मौके पर पहुंचकर अवलोकन किया था। निर्वाचन अधिकारी यशवंत सिंह चौधरी ने बताया कि निर्वाचित प्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।