आईडीपीएल फैक्टरी की लीज खत्म होने पर बेदखल होने के भय से आईडीपीएल की आवासीय कॉलोनी में रहे कर्मचारियों और उनके परिजनों ने काली पट्टी बांधकर रैली निकाली। आवासीय कॉलोनी से बेदखल पर करने पर सरकार को आंदोलन की चेेतावनी दी।
शनिवार 27 नवंबर को आईडीपीएल फैक्टरी की लीज खत्म हो गई। आईडीपीएल कॉलोनी की कॉलोनियों में रहे लोगों ने आवासीय कल्याण समिति आईडीपीएल वीरभद्र के बैनर के तले रैली निकाली। यह रैली हाट बाजार से न्यू कॉलोनी, ओल्ड कालोनी से होते हुए राम मंदिर परिसर में खत्म हुई। राममंदिर परिसर में लोगों को संबोधित करते हुए समिति की अध्यक्ष रामेश्वरी चौहान ने कहा कि लीज खत्म होने के बाद आईडीपीएल कॉलोनी के लोगों के सामने दुविधा ही स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसलिए अब आंदोलन ही एकमात्र रास्ता बचा है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश सरकार की ओर से आईडीपीएल की कॉलोनी में रह रहे लोगों और उनके आश्रितों को हटाने की कोशिश की गई तो लोग प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन के लिए विवश होंगे। एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा कि आशियाना बचाने के लिए आईडीपीएल टाउनशिप के लोग पिछले काफी समय से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी सुध नहीं ले रही है। रैली में सचिव सुनील कुटलैहडिया, सुनीता देवी, गुड्डी देवी, सुधा गुप्ता, नंदनी भंडारी, कल्पना, आलोक कुमार, ममता देवी, नीलम चंदानी, सारिका, उर्मिला गुप्ता, दया बिष्ट, कृष्णा राजभर, मौली देवी, सूरज आदि थे।