ऋषिकेश। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मंगलवार को देवभूमि कृष्णमय हो गई। इस दौरान लोगों ने घरों में लड्डू गोपाल की पूजा कर व्रत रखा। घरों में मंदिरों की साफ-सफाई की। राधा-कृष्ण की झांकियां मन मोह रही थीं। बुधवार को होने वाली कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों केे सजाया गया है। कई मंदिरों में मंगलवार को कृष्णजी के लिए पालकी स्थापित की गई है। कई लोग मंदिरों में पहुंचे और पूजा अर्चना की। त्रिवेणी घाट स्थित को भी सजाया गया है। मुखर्जी रोड स्थित गोपाल मंदिर को भी सजाया गया है। पंजाब सिंध क्षेत्र धर्मशाला के अंदर राधा कृष्ण मंदिर को भी भव्य तरीके से सजाया गया है। बच्चों में भी कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर उत्साह रहा। बच्चे कान्हा बने थे। घरों में कृष्णलीला के गीत गाए जा रहे थे।
परमार्थ निकेतन में मनाई गई कृष्ण जन्माष्टमी
ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की मनाई गई। इस दौरान सामाजिक दूरी का ध्यान रखा गया। परमार्थ गुरुकुल के ऋषिकुमारों और परमार्थ परिवार के नन्हें बच्चों ने नृत्य, गीत-संगीत और भजन संध्या के माध्यम से सभी को मंत्रमुग्ध किया। छोटे बच्चों ने कृष्ण बनकर प्रस्तुतियां दी। इस अवसर पर स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि भगवान कृष्ण हम सभी को खुशी, शांति और सद्भाव का आशीर्वाद प्रदान करते हैं।