प्रदेश के 130 बॉडी बिल्डरों को कड़े मुकाबले में शिकस्त देने के बाद देहरादून के बॉडी बिल्डर सानिध्य बिष्ट ने मिस्टर उत्तराखंड का खिताब अपने नाम किया है। वहीं महिला वर्ग में देहरादून की ही पूजा भट्ट ने अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत उत्तराखंड वूमेन फिजिक की ट्रॉफी प्राप्त की।
रविवार को ऋषिकेश बॉडी बिल्डिंग एवं फिटनेस एसोसिएशन की ओर से भरत मंदिर इंटर कॉलेज स्थित परशुराम मेमोरियल हॉल में आयोजित प्रदेश स्तरीय बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए। पावर लिफ्टिंग और बॉडी बिल्डिंग दोनों ही प्रतियोगिताओं में स्वयं को साबित करने वाले सानिध्य बिष्ट को निर्णायक मंडल ने विजेता घोषित किया। मिस्टर उत्तराखंड सानिध्य को एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट और कोषाध्यक्ष विवेक तिवारी ने 51 हजार रुपये की नकद धनराशि, ट्रॉफी, मेडल और सर्टिफिकेट भेंट किया। प्रतियोगिता में दूसरे नंबर पर रहे देहरादून निवासी मिलन गुरुंग को 25 हजार रुपये नकद और टिहरी गढ़वाल निवासी महेश नेगी को 15 हजार रुपये की नकद, ट्रॉफी, मेडल और सर्टिफिकेट से पुरस्कृत किया गया। महिला वर्ग में देहरादून की पूजा भट्ट ने अपने बेजोड़ प्रदर्शन से उत्तराखंड वूमेन फिजिक की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। ऋषिकेश की सोनाली प्रजापति दूसरे नंबर और देहरादून की ही पूजा पयाल प्रतियोगिता में तीसरे नंबर पर रही। प्रशिक्षण के अध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट ने बताया कि पिछले साल कोरोना काल के चलते प्रतियोगिता आयोजित नहीं हो पाई थी। इस बार सभी के सहयोग से प्रतियोगिता सकुशल संपन्न हुई। एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विवेक तिवारी ने कहा कि यह प्रतियोगिता प्रदेश में बॉडी बिल्डिंग के स्तर को उठाने में काफी मददगार साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश के प्रतिभावान बॉडी बिल्डरों को अपने प्रदेश में बड़ा मंच मिलेगा तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर बेहतर प्रदर्शन के लिए सक्षम होंगे। इस दौरान एसोसिएशन के संरक्षक कपिल गुप्ता, संदीप कोहली, नितिन गुप्ता, ललित जिंदल, प्रतीक कालिया, टीकाराम पोरवाल, कैलाश सेमवाल, भारती गर्ग, प्रवीण सजवाण, राजकुमार, राकेश कुमार, नीरज चौहान, अभिषेक कुमार, नीरज शर्मा, सुधीर राय, राजेंद्र बिष्ट, विवेक, साकेत बिजल्वाण और अभिषेक शर्मा आदि उपस्थित थे।