धनतेरस पर नगर के बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। बर्तन से लेकर सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रानिक सामान और ऑटोमोबाइल का भी कारोबार बेहतर रहा। डोईवाला नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के रेलवे रोड, देहरादून रोड, ऋषिकेश रोड, शुगर मिल रोड, भानियावाला, जौलीग्रांट, कान्हरवाला, रानीपोखरी, थानो और भोगपुर के बाजारों में लोग खरीदारी करने के लिए पहुंचे। बर्तनों में चांदी, स्टील, पीतल और एल्युमीनियम धातु के बर्तनों को खरीदा गया। सर्राफा बाजार में भी सोने चांदी के आभूषण से लेकर धातुओं के गिलास, लक्ष्मी गणेश, चांदी के बिस्कुट की खरीदारी हुई।
आभूषण विक्रेता राकेश गुप्ता ने बताया कि उम्मीद के अनुरूप धनतेरस पर कारोबार अच्छा रहा। दुपहिया वाहनों की खरीदारी के लिए भी लोग विभिन्न शोरूम में अच्छी खासी तादाद में दिखाई दिए। वाहन विक्रेता राहुल अग्रवाल ने बताया कि 100 से अधिक वाहनों की बिक्री धनतेरस पर हुई है। किशोर पाल ने बताया कि महिलाओं ने हल्के दुपहिया वाहनों को खरीदने में रुचि दिखाई है। इलेक्ट्रानिक्स सामानों के विक्रेता मनुज गुप्ता ने बताया कि एलईडी, माइक्रोवेव आदि कई घरेलू सामानों की खरीदारी हुई है। फर्नीचर और कपड़ा बाजार में भी रौनक देखने को मिली। सोफे, डायनिंग टेबिल, दीवान आदि ज्यादा खरीदे गए। घरों में भी लोगों ने विधि विधान से पूजा अर्चना की।