{"_id":"5702cbf84f1c1b9861c81125","slug":"bullion-traders-who-jammed-the-highway","type":"story","status":"publish","title_hn":"सराफा कारोबारियों ने किया हाईवे जाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सराफा कारोबारियों ने किया हाईवे जाम
ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश
Updated Tue, 05 Apr 2016 01:50 AM IST
विज्ञापन
सराफा
- फोटो : file photo
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक्साइज ड्यूटी वापस लेने और दो लाख के आभूषण खरीद पर ग्राहकों के लिए पैनकार्ड की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर सराफा कारोबारियों ने हाईवे पर सांकेतिक जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया और गिरफ्तारी दी। कोतवाली में करीब डेढ़ घंटे की जद्दोजहद के बाद गिरफ्तार व्यापारियों को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया।
विज्ञापन
ऋषिकेश स्वर्णकार एसोसिएशन के आंदोलन के 35वें दिन सोमवार को सराफा कारोबारी झंडाचौक स्थित धरना स्थल पर एकत्रित हुए। यहां से एसोसिएशन अध्यक्ष यशपाल पंवार, रेडीमेड गारमेंट एसोसिएशन अध्यक्ष श्रवण जैन, नगर उद्योग व्यापार मंडल प्रतिनिधि महामंत्री जयदत्त शर्मा के नेतृत्व में कारोबारी केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में दून तिराहा पहुंचे और सांकेतिक जाम लगा दिया।
विज्ञापन
कोतवाल पंकज पोखरियाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जाम खोलने की अपील की। प्रदर्शनकारी नहीं हटे तो उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस कोतवाली ले गई और सभी का चालान कर दिया। तहसीलदार कृष्णदत्त जोशी ने बताया कि निजी मुचलके भरने पर गिरफ्तार 27 व्यापारियों को रिहा कर दिया गया।
विज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान विवेक वर्मा, धनीराम भट्ट, तेजपाल सिंह पंवार, ललितमोहन मिश्रा, घनश्याम, केशव कुमार, रवि अग्रवाल, अजय पंवार, शैलेंद्र रस्तोगी, संदीप गोस्वामी, अंशुल वर्मा, नागेंद्र नौटियाल आदि शामिल थे।
डोईवाला में बंद का रहा व्यापक असर
सराफा व्यापारियों के एक्साइज ड्यूटी बढ़ाए जाने के विरोध में उत्तराखंड बंद का डोईवाला में व्यापक असर देखने को मिला। डोईवाला के बाजार पूरी तरह से बंद रहे। वहीं सराफा व्यापारियों ने नगर में विरोध प्रदर्शन कर केंद्र सरकार द्वारा एक्साइज ड्यूटी को बढ़ाने की कड़े शब्दों में आलोचना की।
सोमवार को डोईवाला में सराफा व्यापारियों के बंद के समर्थन में डोईवाला का शुगर मिल बाजार, रेलवे रोड, देहरादून रोड, ऋषिकेश रोड और प्रेमनगर बाजार पूरी तरह बंद रहा। सुबह से ही सराफा व्यापारी सड़कों पर आ गए थे। इससे पहले रविवार को उन्होंने देर रात तक सभी दुकानदारों से बंद में सहयोग देने का आह्वान किया था। डोईवाला में बंद में सभी व्यापारियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों को बंद रखा।
यहां तक रेस्टोरेंट और खाने पीने तक की दुकानें बंद रहीं। सराफा कारोबारी राकेश गुप्ता, ललित बाली, दिनेश कक्कड और सुरेन्द्र कक्कड़ आदि के नेतृत्व में कारोबारियों ने नगर में जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। एसडीएम डोईवाला के माध्यम से केंद्र सरकार को ज्ञापन भेजकर बढ़ाई गई एक्साइज ड्यूटी को वापस लेने की मांग की।
कहा कि केंद्र सरकार सराफा कारोबारियों के हितों के विपरीत नीति बनाकर अमल में ला रही है, जिसका विरोध किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में अनुज गुप्ता अमरदेव नागिया, दिनेश कक्कड, संदीप कुमार प्रियाशुं वर्मा, प्रमोद भारद्वाज, अरूण नांरग, गौरव मलेहत्रा, विक्रम नेगी, अनुज गुप्ता, राहुल जिन्दल, गगनदीप और प्रदीप आदि व्यापारी मौजूद रहे।
उधर, रायवाला में सराफा कारोबारियों के समर्थन में व्यापार सभा और ग्रामीण व्यापारियों का बाजार बंद का मिलाजुला असर रहा। कहीं व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सुबह से ही ताले लटके रहे तो कुछ जगह प्रतिष्ठान खुले रहे।
व्यापार सभा अध्यक्ष शूरवीर सिंह पंवार ने बताया कि प्रतीतनगर क्षेत्र के कुछ दुकानदारों ने स्वेच्छा से सराफा कारोबारियों के समर्थन में अपनी दुकाने बंद रखी। जबकि प्रशासन के आदेश के बाद से अधिकतर दुकानें खुली रही, जिसके कारण बंद का मिलाजुला असर देखने को मिला।