पिथौरागढ़। जिले में लगातार हो रही बारिश से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। कई जगह संपर्क मार्गों के साथ ही अस्थायी लकड़ी के पुल तेज उफान से नदी में समा रहे हैं। तल्ला दारमा घाटी के ग्राम उमचिया, तीजम, सुमदुम को जोड़ने वाला अस्थायी लकड़ी पुल शनिवार रात बह गया। लकड़ी का पुल बहने से लगभग 700 की आबादी को आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं। प्रधान बिस्मती देवी और अनिल बिष्ट ने प्रशासन को पुल बहने की जानकारी दी है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र पुल निर्माण कराने की मांग की है।
शनिवार की रात धारचूला में 17.60, मुनस्यारी में 17.40, डीडीहाट में 5.60, पिथौरागढ़ में तीन मिमी बारिश हुई। बारिश के कारण मलबा आने से जिले की 13 सड़कें बंद थीं जिनमें से सात सड़कों को खोल दिया गया जबकि पीएमजीएसवाई धारचूला की गिन्नी बैंड-समकोट, कालिका-खुमती, बांसबगड़-गूंठी, छिरकिला-जम्कू, सेलमाली-माणी धामी, पीएमजीएसवाई डीडीहाट की बैरात-बैराजुब्बर, भंडारीगांव-बोकटा, तवाघाट-घटियाबगड़ सड़क अभी बंद है। बारिश के चलते काली नदी का जल स्तर भी बढ़ गया है। काली नदी 889 मीटर पर बह रही है, जो नदी के चेतावनी स्तर है जबकि नदी का खतरा स्तर 890 मीटर पर है।