धारचूला (पिथौरागढ़)। फुलतड़ी और रोजिबूंगा सड़क के निर्माण के दौरान पेयजल योजना ध्वस्त हो गई है। इससे फुलतड़ी और फुलतड़ी धूरा में पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों ने योजना को ठीक कर पेयजल आपूर्ति सुचारु करने के लिए धारचूला एसडीएम कार्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने शीघ्र मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
आक्रोशित ग्रामीण सोमवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने यहां सरकार के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि फुलतड़ी और रोजिबूंगा सड़क के निर्माण के दौरान पेयजल योजना ध्वस्त हो गई है। उनका कहना है कि स्थानीय प्रशासन और कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को इसकी सूचना देने के बाद भी पेयजल योजना को ठीक नहीं किया गया है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण का मलबा कई जगह फेंका जा रहा है। इससे पेयजल योजना, पैदल रास्ते और प्राकृतिक वन संपदा को काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने शीघ्र पेयजल योजना को ठीक कर पेयजल आपूर्ति सुचारु करने और ध्वस्त पैदल रास्तों को ठीक करने की मांग की है। शीघ्र मांग पूरी न होने पर उन्होंने पालतू मवेशियों के साथ बेमियादी धरना, प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर राधा देवी, जीत सिंह, मनोज सिंह, योगेश सिंह, संजय सिंह, निशांत थलाल, विक्रम सिंह, राहुल आदि मौजूद रहे।