पिथौरागढ़। उत्तराखंड राज्य के पहले प्रोफेशनल बॉक्सर विमल पुनेड़ा ने आईबीए एशिया टाइटल जीत लिया है। उन्होंने अपने मुक्कों के दम पर अपने एंग्लो इंडियन प्रतिद्वंदी को नॉकआउट कर दिया। वह पिछले साल से इस खिताब के लिए जी तोड़ मेहनत कर रहे थे।
जिला मुख्यालय से सटे केदार पुनेड़ी गांव निवासी बॉक्सर विमल पुनेड़ा ने पहली बार देश में आईबीए एशिया टाइटल के लिए खेले गए मुकाबले को जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया है। छह अगस्त को मुंबई में हुए मुकाबले में उन्होंने अपने एंग्लो इंडियन प्रतिद्वंदी हंसराज को पहले ही राउंड में सात सेकंड के भीतर उन्हें नॉक आउट कर मैच जीत लिया। जबकि फाइट आठ राउंड तक होनी थी। रैंक में भी उनका प्रतिद्वंदी उनसे आगे था। मगर विमल ने पहले ही राउंड में उन्हें नॉकआउट कर खिताब अपने नाम किया। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय प्रमोटर देवराज दास, सेक्शनिंग बाडी के पार्थो दास को दिया है। प्रतियोगिता का आयोजक मरीन प्रो बॉक्सिंग प्रोमोशनस है। विमल ने बताया प्रोफेशनल बॉक्सिंग में 2018 में न्यूजीलैंड से शुरूआत की। जहां से उन्होंने भारत में प्रोफेशनल बॉक्सिंग पिथौरागढ़ में लाने का निर्णय लिया। फिर अमेरिका, फिलिपिंस, थाईलैंड, मलेशिया, आस्ट्रेलिया और इसके बाद वे कई देशों में प्रोफेशनल बॉक्सिंग को भारत में लाने के लिए से जुड़े। प्रतियोगिता मार्च में होनी थी। मगर कोरोना के चलते प्रतियोगिता स्थगित हुई। उसके बाद मिजोरम में भी इसका आयोजन नहीं हो पाया। अब कोरोना कम होने के चलते मुंबई में प्रतियोगिता की होनी है। उन्होंने देव सिंह स्कूल से इंटर और पिथौरागढ़ कॉलेज से पढ़ाई की। इसके बाद महाराष्ट्र से बीपीएड किया और प्रोफेशनल बॉक्सिंग से जुड़े।