कार दुर्घटना में तीन युवकों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थल से पांखू को जा रही वैगनआर कार शुक्रवार अपरान्ह करीब 4.45 बजे त्यारगाड़ के पास एक मोड़ पर दुर्घटनाग्रस्त होकर 200 मीटर नीचे एक नाले में जा गिरी। दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई। कार चला रहा युवक अपने बेटे के जन्मदिन का केक लेकर घर जा रहा था। उसके साथ कार में दो युवक और सवार थे। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों दम तोड़ चुके थे। राजस्व और थल थाना पुलिस की टीम भी 108 वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई। घटना से तीनों युवकों के घरों में कोहराम मचा है। पुलिस ने तीनों शवों को काफी मशक्कत के बाद खाई से निकाला।
बताया गया कि पांखू के पास पाली मसूरिया निवासी रवींद्र सिंह रावत (32) पुत्र धन सिंह रावत अपने तीन वर्षीय बेटे विवेक के जन्मदिन का केक लेने के लिए थल बाजार आए थे। अपरान्ह चार बजे जब वह अपनी कार (यूके 05-9461) से लौट रहे थे तो स्टेशन पर उनको च्यूनी निवासी सुरेश राम (30) पुत्र हर राम और इसी गांव का मनोज कुमार (22) पुत्र गोपाल राम मिल गए। रवींद्र ने इन दोनों को भी अपनी कार में बैठा लिया। करीब 45 मिनट बाद 4.45 बजे जब यह कार क्वीटी पुलिया को पार कर मोड़ की तरफ बढ़ी तो चालक संतुलन खो बैठा और कार खाई में पलट कर सीधे क्वीटी नाले में जा गिरी।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। उस रोड से जा रहे अन्य वाहन चालकों और आसपास के लोगों ने कार को खाई में गिरते देख लिया। लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और राजस्व पुलिस तथा थल थाना पुलिस को सूचना दी। थल के थाना प्रभारी दीपक बिष्ट ने बताया कि मौके पर पुलिस की टीम पहुंच गई थी। जिला मुख्यालय में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी डा. आरएस राणा ने बताया कि कार में तीन लोग ही सवार थे। तीनों हादसे का शिकार हो गए। जिलाधिकारी डा. रंजीत सिन्हा ने दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। बेड़ीनाग के एसडीएम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।