{"_id":"5720f3cd4f1c1bf631a920c9","slug":"the-water-crisis-deepened-people-upset","type":"story","status":"publish","title_hn":"गहराने लगा पेयजल संकट, लोग परेशान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गहराने लगा पेयजल संकट, लोग परेशान
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
Updated Wed, 27 Apr 2016 10:46 PM IST
विज्ञापन
पेयजल संकट
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला मुख्यालय में पेयजल संकट गहराने लगा है। यदि जल्दी बारिश नहीं होती तो स्थिति गंभीर हो जाएगी। जिला मुख्यालय में अब पेयजल की सप्लाई प्रभावित होने लगी है। जल संस्थान ने पानी बांटने का समय बदल दिया है। प्रात: 6:30 के बजाए अब सात बजे बाद पानी की सप्लाई शुरू की जा रही है। उस समय बिजली की सप्लाई बंद की जा रही है कि ताकि लोग टुल्लू पंप का प्रयोग न कर सकें।
विज्ञापन
यह बात अलग है कि समय बदलने के बाद भी पेयजल की सप्लाई सामान्य नहीं हो पा रही है। नलों में पानी कम आने के कारण लोग प्राकृतिक स्रोतों, सार्वजनिक स्टैंडपोस्ट से पानी ले रहे हैं। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरके वर्मा का कहना है कि लोगों की जरूरत से आधा पानी मिल पा रहा है। यह कोशिश की जा रही है कि हर मोहल्ले को पानी मिलता रहे। उन्होंने कहा कि वितरण व्यवस्था को सामान्य बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस बीच नगर के सभी हिस्सों में पेयजल का संकट गहरा गया है। लोगों को जरूरत के मुताबिक भी पानी नहीं मिल पा रहा है।
विज्ञापन
बेड़ीनाग में टैंकरों से बंट रहा पानी
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। 15 हजार की आबादी वाले बेड़ीनाग नगर में अब लोग जल संस्थान के टैंकर से मिलने वाले पानी से प्यास बुझा रहे हैं। अब प्राकृतिक स्रोत, हैंडपंप पूरी तरह सूख गए हैं। गोरघटिया पंपिंग योजना से पानी नाममात्र का मिल रहा है। ग्रामीण अंचलों में समस्या बहुत गंभीर हो गई है। अब तो जानवरों के लिए पेयजल की व्यवस्था कर पाना कठिन हो गया है। भटीगांव, खितोली, ढनौली में लोगों का समय पानी जुटाने में ही बीत रहा है। जल संस्थान के अवर अभियंता गजेंद्र सिंह का कहना है कि टैंकरों से लगातार पानी बांटा जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि पानी के वितरण में सहयोग करें। बेड़ीनाग में इतनी गंभीर समस्या इससे पहले कभी सामने नहीं आई।
विज्ञापन
चमलेख का पानी हिनकोट देने से लोग नाराज
अस्कोट (पिथौरागढ़)। यहां चमलेख गांव में पानी को लेकर त्राहि-त्राहि मच गई है। चमलेख गांव के लोगों ने बताया कि उनके गांव के लिए बनी योजना का पानी सहमति लिए बिना हिनकोट गांव को दे दिया गया है। अब चमलेख गांव में भारी संकट पैदा हो गया है। प्रधान नरेंद्र बसेड़ा के नेतृत्व में लोगों ने बुधवार को जल संस्थान कार्यालय आकर विरोध जताया। कहा कि हिनकोट गांव में सारे अवैध कनेक्शन दे दिए हैं। 80 प्रतिशत बीपीएल परिवारों को पानी लेकर परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
मुवानी में पुरानी योजना ठप, नहीं मिल रहा पानी
थल (पिथौरागढ़)। ग्राम पंचायत दिगरामुवानी, मुवानी कस्बे में पेयजल की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है। जल संस्थान की ओर से मुवानी कस्बे के लिए 25 वर्ष पहले बनाई गई योजना से अब पानी नहीं मिल पा रहा है। मुवानी के समाजसेवी रमेश बम ने बुधवार को डीएम को पत्र देकर मुवानी के लिए तत्काल नई योजना बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुवानी की पेयजल समस्या का समाधान नई योजना बनने पर ही हो सकता है। डीएम एचसी सेमवाल ने जल निगम के अधिशासी अभियंता को आदेश दिए हैं कि तत्काल नई योजना का सर्वे करें। लोगों को राहत पहुंचाएं। इस समय मुवानी के साथ आसपास के सभी गांवों में पेयजल का गंभीर संकट हो गया है।