धारचूला (पिथौरागढ़)। ग्राम सभा खुमती के तोक कटोजिया के ग्रामीणों ने मांगों को लेकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
शुक्रवार को सामाजिक कार्यकर्ता ईश्वर सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय में एकत्र होकर नारे लगाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बाद गांव में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। 2009 से लगातार भूस्खलन हो रहा है। जून 2016 को भी कटोजिया खुमती में अतिवृष्टि एवं भूस्खलन से नुकसान हुआ था।
इसके बाद एसडीएम ने मौके का मुुआयना कर प्रभावितों को बुलवाकोट घाटीबगढ़ में भूमि आवंटित की थी, लेकिन अब लगातार हो रही बारिश से काली नदी का जलस्तर बढ़ने से भू कटाव हो गया है। कहा शीघ्र ही उनके विस्थापन की कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन में शेर सिंह, गंगा सिंह, इंद्र सिंह, खीम सिंह, गोविंद सिंह, जगत सिंह, दलीप सिंह, ललित सिंह, कमान सिंह, नारायण सिंह, अमर सिंह, कल्याण सिंह, कुंदन सिंह, भूपाल सिंह शामिल रहे।