पिथौरागढ़। सदर की रामलीला में विश्वामित्र-दशरथ संवाद, ताड़का वध, अहिल्या तारण, गौरा पूजन से पुष्पवाटिका तक की रामलीला का मंचन किया गया। बिना दर्शकों के चल रही रामलीला में कलाकारों ने पीपीई किट पहनकर कोरोना को लेकर सावधान रहने की भी अपील की।
रविवार रात विश्वामित्र-दशरथ संवाद, ताड़का वध, अहिल्या तारण, गौरा पूजन से पुष्पवाटिक तक लीला का मंचन किया। सुबाहु और मारिच के पात्रों ने पीपीई किट पहनकर अभिनय कर कोरोना को लेकर सजग किया। रामलीला में ताड़का के पात्र पंकज बिष्ट ने शानदार अभिनय किया। बिना दर्शकों के हो रही रामलीला में पंकज ने अपनी कला का जादू बिखेरा। कौशल भट्ट ने मारिच, जपेश ने सुबाहु, नीरज जोशी ने विश्वामित्र, सीबी जोशी ने दशरथ, अभिषेक ने राम, उत्कर्ष पाटनी ने लक्ष्मण, आयुष ने सीता, गौरा की भूमिका में पंकज जुकरिया रहे। मंचन के दौरान कोरोना के नियमों का पालन करने की जानकारी दी गई। लोगों से सामाजिक दूरी बनाए रखने की अपील की गई।