खनन के लिए रात में जेसीबी से 100 मीटर सड़क खोदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महाकाली के किनारे स्थित तालेश्वर धाम के पास जमा रेत, पत्थर पर खनन कारोबारियों की नजर लग गई है। इन कारोबारियों ने गांव के लोगों के साथ मिलकर रात में जेसीबी लगाकर तालेश्वर तक 100 मीटर सड़क खोद दी है। लोगों को समझाया गया है कि यह सड़क श्मशान घाट जाने के लिए बनाई जा रही है। प्रधान ने सड़क बनाने का विरोध किया है। उनका कहना है कि यदि खनन के मकसद से यह सड़क बनाई गई तो किसी भी दशा में खनन नहीं होने दिया जाएगा। एसडीएम अनुराग आर्य ने कहा है कि यदि यह सड़क नाप भूमि में कोई बना रहा है तो प्रशासन को कोई आपत्ति नहीं होगी। यदि सड़क बेनाप भूमि में बन रही होगी तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने तहसीलदार और पटवारी को मौका मुआयना के लिए भेज दिया है। रविवार की रात जेसीबी लगाकर 100 मीटर सड़क खोद दी गई। अब मात्र 20 मीटर सड़क बननी शेष है। उसके बाद सड़क महाकाली के तट पर पहुंच जाएगी। ग्राम प्रधान पुष्कर गोबाड़ी का कहना है कि तालेश्वर श्मशान घाट के लिए पहले से ही पैदल रास्ता बना हुआ है। वहां तक वाहन ले जाने की कोई जरूरत भी नहीं है। उन्होंने कहा कि सड़क क्यों बनाई जा रही है, इसका खुलासा नहीं किया गया है। यदि इस सड़क का उपयोग खनन कारोबार के लिए किया जाता है तो सख्त विरोध किया जाएगा।