डीडीहाट (पिथौरागढ़)। धौलेत गांव के लोगों ने पांच साल के लिए अपना जंगल माता भगवती को समर्पित कर दिया है। वन को भगवती को चढ़ाने के लिए ग्रामीण ढोल-नगाड़ों के साथ मंदिर पहुंचे। अगले पांच सालों तक इस जंगल से वन्य संपदा का कोई दोहन नहीं करेगा।
धौलेत गांव के सरपंच दीवान सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत के तीखाखान क्षेत्र के जंगल में एक दशक पूर्व कई लोगों ने अवैध रूप से खनन और पेड़ों को काटकर वन्य संपदा को नुकसान पहुंचाया था। जंगल को बचाने के लिए 2012 में कोटगाड़ी देवी को चढ़ाया गया था।
देवी को चढ़ाने के बाद इस जंगल में काफी सुधार हुआ है। इसी को देखते हुए कुछ दिन पूर्व गांव की बैठक में इस जंगल को फिर से पांच साल के लिए देवी को चढ़ाने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर प्रकाश बोरा, जगत सिंह खाती, विमला बोरा, भूपेश खाती, नवीन गैड़ा, कुंदन गैड़ा, हिमांशु रावल, भगवान सिंह, बलवंत सिंह, सरस्वती देवी, कमला देवी आदि शामिल रहे।