पिथौरागढ़: जौलजीबी मेला घूमने आए युवक की काली नदी में बहने से बचाई जान, पुलिस-एसडीआरएफ ने दिखाई तत्परता
जौलजीबी मेले के दौरान एक युवक सेल्फी लेने के लिए काली नदी के बीच पत्थर पर चला गया, तभी अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और वह तेज प्रवाह में बहने लगा। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई।
विस्तार
जौलजीबी मेले के दौरान एक युवक सेल्फी लेने के लिए काली नदी के बीच में चला गया। अचानक जलस्तर बढ़ा तो वह नदी के बीच में फंस गया और उसके तेज प्रवाह में बहने लगा। पुलिस और एसडीआरएफ ने बमुश्किल उसे रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई।
कनालीछीना विकासखंड के भागीचौरा का निवासी मनोज सिंह कन्याल (18) पुत्र दीपक सिंह कन्याल बुधवार सुबह अपने साथी के साथ जौलजीबी मेले में घूमने पहुंचा। सुबह के समय मेलास्थल के करीब बहने वाली काली नदी का जलस्तर कम था। ऐसे में मनोज सेल्फी लेने और वीडियो बनाने के लिए नदी के बीच खाली नजर आ रहे टापू पर पहुंच गया। इसी बीच अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और वह टापू पर फंस गया। धीरे-धीरे नदी का प्रवाह बढ़ने से वह टापू से बहने लगा। वह बमुश्किल एक बोल्डर को थामे मदद की गुहार लगाता रहा। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस और मेले में तैनात एसडीआरएफ को दी।
एसआई चंद्रशेखर जोशी, महेश चंद पंत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और एसडीआरएफ के जवान नदी के तेज प्रवाह के बीच रस्सी के सहारे युवक तक पहुंचे। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को रेस्क्यू किया जा सका। कोतवाल हरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि युवक को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे उसके साथी के साथ घर भेज दिया गया। रेस्क्यू करने वाली टीम में प्रवेश नगरकोटी, दीपक कापड़ी, खेमराज, सोनू मेहता, दिनेश कलोनी, संतोष, सुरेश आदि शामिल रहे।
