{"_id":"dae1b70dad16bb334723408e90179a30","slug":"jauljibi-fair-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"झरकी नजर लागईनी नानी ले...","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
झरकी नजर लागईनी नानी ले...
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
Updated Mon, 23 Nov 2015 10:24 PM IST
विज्ञापन
जौलजीबी का मेला पूरे शबाब पर पहुंच गया है। रविवार को मुख्य मंच पर नेपाली स्टार गायक रामचंद्र काफले और उनकी धर्मपत्नी जुनु रिजल काफले थी, तो नेपाली गीतों की झड़ी लगी रही। जुनु रिजल ने हिंदी गाने से समां बांध दिया। रं कम्युनिटी स्कूल धारचूला के साथ ही तमाम स्कूलों के छात्राें के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी लोगों का मन मोहा।
विज्ञापन
रामचंद्र काफले ने ‘झरकी नजर लागईनी नानी ले, लट्ठ पार्यो यो तिमरो बानी ले’ गीत गाकर सांस्कृतिक संध्या में समां बांध दिया। इसके बाद उन्होंने ‘हिमचुली मा घाम लाग्यो घामिलो’ के साथ ही तमाम नेपाली गीत सुनाकर लोगों की वाहवाही लूटी। इसके बाद जुनु रिजल काफले ने सत्यम शिवम सुंदर से गीतों की शुरुआत की। ‘तुझसे नाराज नहीं जिंदगी हैरान हूं मैं’ आदि गीत गाए तो लोग अपने स्थान से खड़े होकर नाचने लगे। रं कम्युनिटी स्कूल धारचूला के विद्यार्थियों के कार्यक्रमों ने भी लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। लोगों ने स्कूली दल पर इनामों की झड़ी लगा दी।
विज्ञापन
मुख्य अतिथि उत्तराखंड वन विकास निगम के अध्यक्ष हरीश धामी ने मेले के सकुशल संचालन के लिए मेल कमेटी को बधाई दी। विशिष्ट अतिथि पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक नबियाल, उत्तराखंड शासन में अपर सचिव धर्मेंद्र दताल, पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा, कांग्रेस नेता कैलाश रावत, ब्लाक प्रमुख नेत्र सिंह कुंवर, व्यापार मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र धर्मशक्तू, लीला बनग्याल आदि ने कहा कि इस प्राचीन मेले के संरक्षण में सभी को सहयोग देना चाहिए।
विज्ञापन
व्यापारिक मेला चरम पर
जौलजीबी मेले में खरीदारों की भीड़ उमड़ने लगी है। ऊनी उत्पाद के साथ ही तिब्बत से आयात गर्म कपड़ों की दुकानों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। दूर-दूर से लोग धारचूला, मुनस्यारी के बुनकरों के उत्पाद खरीदने के लिए पहुंच रहे हैं। नेपाल से भी लोगों की आवाजाही मेले में बनी हुई है।