संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़। ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का आकलन शुरू नहीं होने से किसानों में आक्रोश है। नाराज किसानों ने नुकसान का आंकलन कर मुआवजा देने की मांग को लेकर ओलावृष्टि से चौपट हुई गेहूं की बालियों को हाथों में लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने शीघ्र मांग पूरी नहीं होने पर सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। शुक्रवार को आक्रोशित किसान क्षेत्र पंचायत सदस्य मेतली रीता देवी के नेतृत्व में बरम बाजार में एकत्र हुए। उन्होंने यहां सरकार के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बे-मौसम हुई बारिश और ओलावृष्टि से चामी, मेतली सहित कई हिस्सों में फसलें पूरी तरह चौपट हो गई हैं। ओलावृष्टि से बागवानी को भी काफी नुकसान पहुंचा है। लेकिन सरकार ने अभी तक नुकसान का आंकलन शुरू नहीं किया है। लॉकडाउन के कारण पहले ही क्षेत्र के किसान परेशान हैं। इस दौरान उन्होंने तहसीलदार के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजकर शीघ्र मुआवजा नहीं देने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। ---- ये रहे शामिल मनोज कुमार, प्रकाश चंद्र, हेमंत प्रसाद, ईश्वरी प्रसाद, शेर सिंह, लालू राम, चंद्र प्रकाश, पुष्पा देवी, देव सिंह, गुड्डू, मनोज कुमार, सुंदर सिंह, केसी राम, दुर्गा देवी मौजूद रहे।