पिथौरागढ़ तहसील के भिलौत गांव में शनिवार की शाम को बारिश के दौरान एक महिला का मकान ध्वस्त हो गया। महिला के परिवार ने गांव में शरण ले रखी है।
बारिश के दौरान भिलौत गांव की भागीरथी देवी का दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। घटना में किसी तरह का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन भागीरथी देवी के परिवार के पास अब आशियाना नहीं रहा। मवेशियों के लिए गोशाला भी नहीं बची है। भागीरथी देवी अपने बेटे, बहू, बेटी और नाती के साथ इस मकान में रहतीं थीं। दो गाय और एक बछड़े को भी गांव में किसी व्यक्ति के गोशाला में बांधा है।
ग्राम प्रधान भुवनेश्वरी देवी का कहना है कि घटना की सूचना पटवारी को दे दी गई है। पटवारी इग्यार देवी दीपा जोशी का कहना है कि घटना स्थल का मुआयना कर लिया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रभावित महिला को मुआवजा दिलाया जाएगा। जिला पंचायत उपाध्यक्ष कोमल मेहता ने कहा है कि परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खराब है। उन्होंने प्रभावित परिवार को तत्काल क्षतिपूर्ति की रकम देने की मांग की है।