फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Pithoragarh News ›   Foundation not paid 82 lakhs

फाउंडेशन नहीं पड़ी हो गया 82 लाख का भुगतान

Tue, 04 Apr 2017 10:29 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़ Updated Tue, 04 Apr 2017 10:29 PM IST
विज्ञापन
Foundation not paid 82 lakhs
पिथौरागढ़ में तीन जिलों के अधिकारियों की बैठक लेते वित्त मंत्री प्रकाश पंत - फोटो : अमर उजाला

वित्त, पेयजल और संसदीय कार्य मंत्री प्रकाश पंत ने मंगलवार को यहां  विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान भारी गड़बड़ियां पकड़ी हैं। इस दौरान उत्तर प्रदेश निर्माण निगम का मुनस्यारी के राजकीय महाविद्यालय के भवन की बुनियाद डाले बिना ही 82 लाख रुपये खर्च दिखाने और सीमांत इंजीनियरिंग कॉलेज के भवन निर्माण के लिए मिले धन से अस्थायी टिनशेड बनाने का मामला उनके संज्ञान आया। इस पर उन्होंने यूपी निर्माण निगम के जिले में चल रहे सभी कार्यों की जांच के आदेश जिलाधिकारी सी रविशंकर को दिए हैं। काबीना मंत्री पंत ने कहा कि जो भी दोषी मिलेगा, उसे दंडित किया जाएगा। उन्होंने  सातशिलिंग-थल सड़क विस्तारीकरण, हॉटमिक्स के काम में धांधली पर सख्त रुख दिखाते हुए गाजियाबाद की एक कंपनी को ब्लैकलिस्ट कराने के साथ ही उसके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी डीएम को दिए हैं।

विज्ञापन


विकास भवन में समीक्षा बैठक के दौरान अनियमितताओं के मामले सामने आने पर मंत्री खासे नाराज दिखे। उन्होंने अधिकारियों को मानसिकता में बदलाव लाने की हिदायत देते हुए मुनस्यारी महाविद्यालय के साथ ही बलुवाकोट और नारायणनगर महाविद्यालय के निर्माण कार्यों की जांच संबंधित उपजिलाधिकारियों से कराने के निर्देश डीएम को दिए। कहा कि तीनों महाविद्यालयों में यूपी निर्माण निगम ने अवमुक्त धनराशि के सापेक्ष 82-82 लाख रुपये खर्च दिखाए हैं। मंत्री ने कहा कि यूपी निर्माण निगम को इंजीनियरिंग कॉलेज के भवन निर्माण के लिए 22 करोड़ की धनराशि में से 9 करोड़ रुपये अवमुक्त हुए हैं। निगम ने 7 करोड़ रुपये खर्च दिखाए हैं। कहा कि भवन निर्माण के लिए आए धन से अस्थायी टिनशेड बनाना गंभीर लापरवाही है। वित्त मंत्री ने थल-सातशिलिंग, पौण, पुनेड़ी, वड्डा-क्वीतड़, पौण सड़कों के हॉटमिक्स कार्य के भी जांच के आदेश दिए है।
विज्ञापन


डीडीहाट के विधायक विशन सिंह चुफाल ने थल-सातशिलिंग सड़क चौड़ीकरण के काम में पेटी (मुख्य ठेकेदार द्वारा रखे गए) ठेकेदारों का भुगतान न होने का मामला उठाया। इस पर एडीबी के अभियंताओं ने बताया कि ठेकेदार का पेटी ठेकेदारों के साथ विधिवत अनुबंध नहीं हुआ है। उन लोगों को विभाग भुगतान नहीं कर सकता है। मंत्री ने थल-सातशिलिंग सड़क चौड़ीकरण का काम करने वाली कंपनी को एडवांस भुगतान करने को गंभीर लापरवाही माना। कहा कि गैर जिम्मेदार अधिकारी दंडित होंगे। मंत्री ने स्पोर्ट्स कॉलेज में व्यय की गई धनराशि और काम पर कार्यदायी संस्था और खेल विभाग के बयानों में विरोधाभाष होने पर सीडीओ आशीष चौहान से कार्य का निरीक्षण करने और थर्ड पार्टी से जांच कराने, मुनस्यारी के माउंटेनियरिंग संस्थान में खर्च धनराशि की जांच मुनस्यारी के एसडीएम से कराने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन


30 अगस्त तक मिल जाएगा आंवलाघाट से पानी
पेयजल मंत्री प्रकाश पंत ने पिथौरागढ़ नगर के लिए बन रही आंवलाघाट पेयजल योजना की समीक्षा की। पेयजल निगम के अभियंताओं ने 30 अगस्त तक हरहाल में योजना का काम पूरा करने की बात कही। इस दौरान सामने आया कि 79.44 करोड़ रुपये की योजना के लिए 62 करोड़ रुपये अवमुक्त हुए हैं, जबकि 62.5 करोड़ रुपये व्यय हुए हैं। मंत्री ने कहा दो करोड़ रुपये की धनराशि और अवमुक्त कर दी गई है। योजना को पूरा करने के लिए धन की कोई कमी नहीं होगी। पेयजल निगम के अभियंताओं ने बताया कि बिजली का सब स्टेशन स्थापित करने के लिए बिजली विभाग को रकम दे दी गई है। सब स्टेशन का काम चल रहा है। मंत्री ने यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता पवन सिंह से बिजली सब स्टेशन का काम पूरा होने की समयसीमा बताने को कहा। ईई ने कहा बिजली का काम मई के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। मंत्री ने पेयजल निगम के अभियंताओं से योजना पूर्ण करने की तिथि बताने को कहा। पेयजल निगम के अधीक्षण अभियंता एलएम कर्नाटक और अधिशासी अभियंता रंजीत धर्मशक्तू ने 30 अगस्त तक योजना का काम पूरा करने की बात कही। मंत्री ने कहा 30 अगस्त तक हरहाल में योजना का काम पूरा हो जाना चाहिए। उन्होंने जिलाधिकारी और सीडीओ को घाट पंपिंग योजना और विद्युतीकरण के काम की लगातार मानीटरिंग करने के निर्देश दिए। मंत्री ने नगर की सीवरेज योजना के अवशेष काम के लिए 36 करोड़ रुपये स्वीकृत बताते हुए कहा कि जल्द ही धन अवमुक्त हो जाएगा। उन्होंने पेयजल निगम के अधिकारियों को सीवर ट्रीटमेंट प्लान और अवशेष काम पूरा करने के निर्देश दिए। 

गंगोलीहाट पेयजल योजना की जांच के निर्देश
गंगोलीहाट की पंपिंग पेयजल योजना की समीक्षा के दौरान सामने आया कि पेयजल निगम शालीखेत स्रोत के स्थान पर नाले से पानी की सप्लाई कर रहा है। योजना में ट्रीटमेंट प्लांट भी नहीं बना है। इस पर मंत्री ने पेयजल निगम के अभियंताओं को फटकार लगाते हुए कहा कि लोगों को नाले का पानी पिलाना गंभीर लापरवाही है। योजना में ट्रीटमेंट प्लांट न बनाना उससे भी बड़ी लापरवाही है। मंत्री ने गंगोलीहाट के एसडीएम से योजना की जांच कराने के निर्देश दिए। कहा जांच रिपोर्ट में कमियों का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए। कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों को दंडित किया जाएगा। मंत्री ने दिसंबर 2015 में योजना के पूरे होने के बाद भी अब तक जल संस्थान को हस्तांतरित न होने पर नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि योजना जिस हालत में भी है, उसे तत्काल संस्थान को हस्तांतरित किया जाए। पेयजल निगम के अधिकारियों ने बताया कि चौकोड़ी पेयजल योजना में टेंडर लगाने की तैयारी की जा रही है। बेड़ीनाग पेयजल योजना अक्तूबर तक पूरी हो जाएगी। 

बेस अस्पताल भवन के काम की निगरानी करेंगे डीएम, सीडीओ
निर्माणाधीन बेस अस्पताल की समीक्षा के दौरान सामने आया कि बेस अस्पताल के लिए 4 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त हुई है। प्रशासनिक भवन का प्रथम तल का काम पूरा हो गया है। मंत्री ने बेस अस्पताल के प्रशासनिक भवन का काम प्रारंभ करने के निर्देश दिए। डीएम और सीडीओ से काम पर निगरानी रखने को कहा। कहा बेस अस्पताल के लिए धन की कमी नहीं होगी। पर्याप्त धन उपलब्ध कराया जाएगा। मंत्री ने 17.71 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे नर्सिंग कॉलेज का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। कहा कि निर्माण की धीमी गति के कारण कॉलेज के विद्यार्थियों को हल्द्वानी में पढ़ाई करनी पड़ रही है।            

बनेगी रई और ढथरकोट झील
समीक्षा बैठक के दौरान वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने सिंचाई विभाग से प्रस्तावित रई और थरकोट झील के बारे में जानकारी ली। कहा कि रई और थरकोट झील का निर्माण अवश्य होगा। झील का निर्माण होने से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। झील निर्माण में आ रही सारी बाधाओं को दूर किया जाएगा। मंत्री ने कहा दोनों झील वर्षा जल संग्रहण के बेहतरीन प्रोजेक्ट साबित होंगे। 

छह महीने के भीतर शुरू होगी हवाई सेवा
वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने राज्य अवस्थापना निगम के अधिकारियों से हवाई पट्टी के विस्तारीकरण के काम की जानकारी हासिल की। महानिदेशक नागरिक उड्डयन भारत सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी की रिपोर्ट तलब की। मंत्री ने कहा रिपोर्ट में काफी आपत्तियां लगाई गई हैं। अगले 5-6 महीने में सारी बाधाओं को दूर कराकर उड़ान प्रारंभ कराई जाएगी। मंत्री ने नैनीसैनी हवाई पट्टी के आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए मिले 80 लाख रुपये को हवाई पट्टी के विस्तार में खर्च करने पर नाराजगी प्रकट की। कहा कि आईटीबीपी मुख्यालय के पास से हवाई पट्टी को जाने वाली रास्ते की गुणवत्ता बेहद खराब है। मंत्री ने जिलाधिकारी को हवाई पट्टी की गुणवत्ता की जांच कराने के आदेश दिए। 


तीन जिलों के पेयजल महकमों के अधिकारियों की बैठक ली
पेयजल मंत्री प्रकाश पंत ने गर्मियों में पानी की समस्या को देखते हुए पिथौरागढ़ जिले के साथ ही बागेश्वर और चंपावत जिले के पेयजल महकमों के अधिकारियों की बैठक ली। साथ ही पानी की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरत के हिसाब से हैंडपंप लगा लें। पानी की कमी वाले स्थानों में टैंकरों के माध्यम से पानी बांटा जाए। मंत्री ने कहा कि सभी जिलों में अगले तीन महीने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए जा रहे हैं। कंट्रोल रूम में मिलने वाली शिकायत का तत्काल निवारण होना चाहिए। कंट्रोल रूम सुबह 6 से रात के 10 बजे तक खुले रहेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed