फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Pithoragarh News ›   Flood And Rain in Pithauraagrh

पिथौरागढ़ में भारी बारिश से 11 ग्रामीण सड़कें बंद, नदियां ऊफनाई

Haldwani Bureau हल्द्वानी ब्यूरो
Updated Wed, 29 Jun 2022 11:54 PM IST
विज्ञापन
Flood And Rain in Pithauraagrh
सेरा में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से ध्वस्त पेयजल योजना को ठीक करते लोग। संवाद न्यूज एजेंसी - फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। बुधवार को भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। सड़कें बंद हो गईं। नदी, नाले उफना गए। देवीगाड़ नाले में उफनाने से दशौली गांव के किराना व्यापारी और प्रधान गंगा पाठक के पति गणेश दत्त पाठक बाइक समेत बह गए जिससे उनकी मौत हो गई।
विज्ञापन

45 वर्षीय गणेश दत्त पाठक पुत्र गोविंद बल्लभ पाठक बुधवार सुबह 9:30 बजे पांखू बाजार से वसूली कर बाइक से दशौली की ओर जा रहे थे। पांखू से डेढ़ किमी दूर स्थित देवीगाड़ के उफान में वह बाइक के संग बह गए। 10 मीटर नीचे गाद में गिरने के दौरान बाइक में उनका पैर फंस गया। देवीगाड़ से कुछ दूरी पर खेत में रोपाई लगा रहे लोगों ने उन्हें बहता देखा और युवक विनोद कुमार ने जान जोखिम में डालकर उन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन बहाव तेज होने के कारण वह उन्हें नहीं बचा पाए। एसडीएम, तहसीलदार, राजस्व उपनिरीक्षक, थल थानाध्यक्ष की पुलिस टीम घटना स्थल पहुंची। उनके पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने शव को पानी से निकाल लिया था। गणेश पाठक के दो बच्चे हैं। बड़ा बेटा बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। बेटी ने इस साल इंटर की परीक्षा पास की है।
विज्ञापन

मलबा आने केकारण जिले की 13 सड़कें बंद हो गईं। इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग और सीमा की एक-एक सड़क भी शामिल है। कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण पेयजल योजनाएं क्षतिग्रस्त हो गईं।
विज्ञापन
विज्ञापन

धूसाखान शिव मंदिर, पनखोली, पलेटा सहित कई हिस्सों में बोल्डर भी गिर रहे हैं। इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। झूलाघाट में काली नदी उफान पर है जिससे नदी किनारे रह रहे लोग सहमे हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से नदियों के किनारे न जाने की अपील की है।
ये सड़कें हुईं बंद
धारचूला-तवाघाट-लिपुलेख, थल-मुनस्यारी, बांसबगड़-धामीगांव, सेलमाली-बिचना, मदकोट-दारमा, नाचनी-भैंसकोट, बांसबगड़-गूंठी, कालिका- खुमती, ऐलागाड़-जुम्मा रसैपाटा-मोड्डी।
शहर का हाल भी बेहाल
पिथौरागढ़ नगर में नालियों के बंद होने से सड़कों में गंदा पानी बह रहा है जिससे वाहन चालकों और पैदल चल रहे राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रईपुल, पंडापुल के पास जलभराव होने के कारण लोगों को दिक्कतें हो रहीं हैं। नालियां बंद होने से गंदा पानी सिमलगैर से पुरानी बाजार की ओर जाने वाले रास्ते पर बह रहा है।
कार पर गिरी बिजली
गणाई गंगोली/देवलथल। देवलथल क्षेत्र में बिजली गिरने से कई लोगों के फ्रिज, टीवी, इनवर्टर, बिजली के मीटर जल गए हैं। देवलथल डाक बंगले के पास खड़ी जीआईसी अस्कोट के प्रभारी प्रधानाचार्य लक्ष्मण प्रसाद की कार का इलेक्ट्रिक सिस्टम जल गया। कार का पिछला दरवाजा और शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
गणाई गंगोली के ग्राम पंचायत पोखरी कुषमान में भगवान सिंह बोरा और शंभू बोरा के मकान के आंगन की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। उन्होंने तहसील प्रशासन को सूचना देकर शीघ्र सुरक्षात्मक उपाय करने की मांग की है।
गंगोलीहाट में चरमराई बिजली व्यवस्था
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। नगर पंचायत गंगोलीहाट के दर्जनों गांव रातभर बिजली गुल रही। मंगलवार की रात नौ बजे के जैसे ही बारिश शुरू हुई बिजली गुल हो गई। आधे नगर में तीन घंटे के बाद बिजली आई जबकि आधा नगर और दर्जनों गांव रातभर बिजली गुल रही। नगर के डाकघर, हनेरा, चोड़ियार, नोदुंगा, लाली, खतेड़ा आदि कुछ गांवों में सुबह सात बजे बिजली आई। एसडीओ एचएस सोन ने बताया कि पिथौरागढ़ से और बाद में गंगोलीहाट से फीडर बंद कर दिए थे। इसके बावजूद नगर के जिन इलाकों में रात को लाइट नहीं थी वहां बड़ा फॉल्ट आ गया था जिसे सुबह ठीक कर लिया गया।
कहां कितनी बारिश मिमी में
बेड़ीनाग 114
डीडीहाट 50.50
पिथौरागढ़ 49
धारचूला 46.80
गंगोलीहाट 13
मुनस्यारी 12.20
चंपावत 03
बनबसा 82
पिथौरागढ़ जिले की नदियों का जल स्तर
नदी जल स्तर खतरे का निशान
काली नदी 888.90 890.00
गोरी नदी जौलजीबी 604.30 607.80
गोरी नदी मदकोट 1211.60 1215.10
सरयू नदी 451.00 453.00
चंपावत: बारिश से तापमान में आई गिरावट
चंपावत। जिला मुख्यालय और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आई है। बारिश के कारण बुधवार को लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। पिछले 24 घंटों में जहां चंपावत में सबसे कम तीन मिमी बारिश हुई, वहीं बनबसा में सर्वाधिक 82 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य आंतरिक सड़कों पर मलबा आने से वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य सड़कों पर यातायात सुचारु रहा। चंपावत में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
शारदा नदी का जलस्तर बढ़ा
बनबसा (चंपावत)। पिछले 24 घंटों में क्षेत्र में बुधवार को 82 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। पिछले दो दिनों में यहां 153 मिमी वर्षा हो चुकी है। शारदा नदी का जलस्तर बढ़कर बुधवार को 79842 क्यूसेक पहुंच गया। बुधवार सुबह आठ बजे नदी का जलस्तर 26590, नौ बजे 36800, 12 बजे 79842 क्यूसेक, तीन बजे 83216 क्यूसेक पहुंच गया।
लोगों को सतर्क किया
टनकपुर (चंपावत)। शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे रहने वालों को प्रशासन ने सतर्क किया है। नदी का पानी किनारे की ओर बहने से प्रशासन सतर्क है। नदी को चैनलाइज करने के बावजूद नदी का पानी शारदा स्नान घाट की ओर से ही बह रहा है। सिंचाई विभाग के एसडीओ विजय पाल सिंह ने बताया कि नदी का रुख बदलने के लिए 80 लाख रुपये खर्च हुए हैं। एसडीएम हिमांशु कफल्टिया ने बताया कि प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। जिला प्रशासन समत टनकपुर पावर स्टेशन के मुखिया महाप्रबंधक राजीव सचदेवा ने भी लोगों से बरसात में 15 अक्तूबर तक नदियों और नहरों से दूर रहने की अपील की है।
मलबा आने से 10 घंटे बंद रहा मार्ग
नाचनी (पिथौरागढ़)। नाचनी-मुनस्यारी मार्ग पर नया बस्ती के पास मलबा आने से सड़क मार्ग 10 घंटे बंद रहा। मंगलवार रात हरिड़या नाले के पास नया बस्ती में पहाड़ी से मलबा गिर गया। इससे सड़क मार्ग बंद हो गया। बुधवार सुबह लोनिवि ने सड़क मार्ग सुबह नौ बजे मशीन लगाकर खोल दिया। सुबह मुनस्यारी की तरफ जाने वाले कुछ वाहन फंस गए थे। इधर हरड़िया का मलबा रामगंगा नदी में गिरने से नदी का रुख बदलने लगा है। मलबे के कारण नदी झील का रूप लेने लगी है।

कलमठ बंद, दुकानों में घुसा पानी और कीचड़
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। बस स्टैंड पर बना कलमठ मलबे से बंद हो गया। इस कारण बारिश का पानी कई दुकानों में घुस गया जिससे नेम सिंह खंपा, संजय वर्मा, देवेंद्र पंत का हजारों का सामान खराब हो गया। मौके पर पहुंचे विधायक फकीर राम टम्टा ने नगर पंचायत प्रशासन को कलमठ साफ करने के निर्देश दिए। सरस्वती वार्ड में भारी बारिश से आनंद होटल के पास सीसी मार्ग टूट गया है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी राकेश कोटिया और सभासद बलवंत धानिक ने मौका मुआयना किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed