फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Pithoragarh News ›   Expectancy feathers from Chief Minister's visit

मुख्यमंत्री के दौरे से उम्मीदों को लगे पंख

Wed, 19 Apr 2017 10:22 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़ Updated Wed, 19 Apr 2017 10:22 PM IST
विज्ञापन
Expectancy feathers from Chief Minister's visit
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत - फोटो : अमर उजाला

बृहस्पतिवार को पिथौरागढ़ के दौरे पर आ रहे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से जिले की जनता को काफी उम्मीदें हैं। पिथौरागढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, पेयजल व्यवस्था समेत कई मसलों पर जनता की नजर टिकी है। 18 मार्च 2017 को मुख्यमंत्री बनने के बाद त्रिवेंद्र का यह पहला कुमाऊं दौरा है। मुख्यमंत्री कुमाऊं क्षेत्र के विकास के लिए भी अपना विजन साफ कर सकते हैं।

विज्ञापन


चीन और नेपाल से सटे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार न होने से आज भी लोग हल्द्वानी, बरेली, दिल्ली के अस्पतालों पर निर्भर हैं। पिथौरागढ़ के 120 बिस्तर का जिला अस्पताल गंभीर रोगियों का इलाज करने में सक्षम नहीं है। रोगियों को बेड पर ऑक्सीजन देने तक की व्यवस्था अस्पताल में नहीं है। ऑक्सीजन देने के लिए आज भी बड़े सिलेंडर का प्रयोग होता है। अस्पताल में आईसीयू की सुविधा नहीं है। पिथौरागढ़ में वर्ष 2011 से बेस अस्पताल का निर्माण हो रहा है। राजनीतिक खींचतान के बाद जिला मुख्यालय के लुंठ्यूड़ा में बेस अस्पताल का भवन बन रहा है। अस्पताल के प्रशासनिक ब्लॉक का निर्माण पूरा होने को है। मुख्यमंत्री के दौरे में जनता को उम्मीद है कि बेस अस्पताल के निर्माण में तेजी आएगी। कांग्रेस की सरकार जाते-जाते पिथौरागढ़ में मेडिकल कॉलेज स्वीकृत कर गई। इसके लिए चंडाक के मोस्टामानू में जमीन चयन करने के साथ ही एक करोड़ रुपये की धनराशि भी जारी की है। मेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में नई सरकार का रुख सीएम त्रिवेंद्र के दौरे में स्पष्ट होने की उम्मीद है।
विज्ञापन


पिथौरागढ़ नगर और आसपास के इलाके पानी के संकट से जूझ रहे हैं। पिथौरागढ़ के लिए आंवलाघाट से लिफ्ट पेयजल योजना बन रही है। योजना का 70 फीसदी काम पूरा हो गया है। वित्त मंत्री प्रकाश पंत को पेयजल निगम ने 30 अगस्त तक योजना का काम पूरा करने की जानकारी दी है। आंवलाघाट पेयजल योजना के साथ ही डीडीहाट, बेड़ीनाग, चौकोड़ी की पेयजल योजनाओं में प्रगति लाने के लिए मुख्यमंत्री कदम उठा सकते हैं। हाल में वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने गंगोलीहाट लिफ्ट पेयजल योजना की जांच के निर्देश दिए थे। इस योजना में स्रोत के स्थान पर नाले से पानी की सप्लाई पेयजल निगम कर रहा है। इस मामले के एक बार फिर मुख्यमंत्री के सामने उठने की संभावना है।       
विज्ञापन
विज्ञापन


उड़ान पर सरकार का रुख होगा स्पष्ट      
नैनीसैनी हवाई पट्टी से उड़ान शुरू कराने के संबंध में प्रदेश सरकार का रुख मुख्यमंत्री के दौरे में स्पष्ट हो सकता है। हवाई पट्टी वर्ष 1993 से उड़ान का इंतजार कर रही है। केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत हवाई पट्टी से विमान सेवा शुरू होने की उम्मीद है। कांग्रेस शासनकाल में नियमित उड़ान की कवायद पर भारत सरकार के महानिदेशक नागरिक उड्डयन (डीजीसीए) की अनुमति न मिलने से ब्रेक लग गया था। भाजपा के लोग नियमित उड़ान को लेकर मुखर रहे हैं। अब राज्य और केंद्र में भाजपा की ही सरकार है। विस्तार के बाद हवाई पट्टी 42 सीटर विमानों के उड़ने के लायक हो गई है। भारत सरकार की एयरपोर्ट अथॉरिटी हवाई पट्टी को उड़ान लायक घोषित कर चुकी है। ऐसे में भाजपा की सरकार पर हवाई पट्टी से उड़ान शुरू कराने का दबाव है।     

मिल सकती है ट्रामा सेंटर की सौगात      
दो-दो देशों की सीमाओं से घिरे पिथौरागढ़ को अब तक ट्रामा सेंटर की सुविधा नहीं मिल पाई है। सड़क हादसों के साथ ही पहाड़ी से गिरने, भूस्खलन आदि में लोग गंभीर रूप से घायल होते रहते हैं, लेकिन ट्रामा सेंटर न होने से गंभीर रूप से घायल लोगों को हल्द्वानी, बरेली रेफर किया जाता है। रेफर किए गए घायलों में से 10 प्रतिशत लोग भी नहीं बच पाते। मार्च में वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने पिथौरागढ़ में जल्द ट्रामा सेंटर स्थापित करने की बात कही थी। जिला अस्पताल के पास बन रही पार्किंग की ऊपरी मंजिल में ट्रामा सेंटर स्थापित करने का ऐलान किया था। ट्रामा सेंटर पर भी बात आगे बढ़ने की उम्मीद है।       

सपना ही रह गया झीलों का निर्माण      
पिथौरागढ़। अतीत में झील रहे पिथौरागढ़ में झीलों का निर्माण सपना ही रह गया है। वर्ष 2007 से 2012 तक प्रदेश की सत्ता में रही भाजपा की सरकार ने नगर के नजदीक रई और थरकोट में झील बनाने की घोषणा की थी। यह हकीकत में नहीं बदल पाई। 2012 से 2017 तक सरकार में रही कांग्रेस ने भी झीलों के निर्माण का आश्वासन लोगों को दिया था, लेकिन कांग्रेस भी यह कर पाने में सक्षम नहीं रही। अब एक बार गेंद भाजपा के पाले में है।

रज्जू मार्ग को लगेंगे पंख
बीते दो कार्यकाल में भाजपा के साथ ही कांग्रेस ने पर्यटन विकास के लिए ध्वज, कपिलेश्वर, असुरचूला समेत कई स्थानों पर रोपवे लगाने के ऐलान किए थे। रज्जू मार्ग का आश्वासन राजनेता पूरा नहीं कर पाए। नई सरकार का रुख इस मामले में क्या रहता है, यह देखने वाली बात होगी।


डेढ़ घंटे जनता से मुलाकात करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत 20 अप्रैल के पिथौरागढ़ भ्रमण में डेढ़ घंटे तक जनता से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री के मुख्य निजी सचिव सुरेश चंद्र जोशी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार सीएम 20 अप्रैल की सुबह 10:45 बजे राजकीय विमान से नैनीसैनी हवाई पट्टी पहुंचेंगे। 11 बजे से 12.30 बजे तक लोनिवि निरीक्षण भवन में जनता से मुलाकात करेंगे। दोपहर 12.30 से 1.30 बजे तक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। 1.30 से 2 बजे का समय आरक्षित रहेगा। 2.5 बजे से 3.30 तक विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेंगे। 3.35 बजे मुख्यमंत्री नगर के कुमौड़ में स्वच्छ भारत अभियान कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। 4.15 बजे विमान से देहरादून के लिए प्रस्थान करेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed