मनोबल को कम न करें कार्यकर्ता : हरीश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि पराजय का मुंह देखने के बाद कार्यकर्ताओं को मनोबल कम नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार जिस तरह के जनविरोधी कामों को बढ़ावा दे रही है, उसकी मुखालफत के लिए तैयार रहें और जनता को साथ लेकर जनविरोधी नीतियों का विरोध करें। हरीश रावत मंगलवार आधी रात के बाद करीब एक बजे बेड़ीनाग के चौकोड़ी पर्यटक आवासगृह पहुंचे। तब तक बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके इंतजार में बैठे थे। कार्यकर्ताओं की निष्ठा देखकर रावत बेहद खुश हो गए। उन्होंने कहा कि संगठित होकर आगामी निकाय और लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएं।
इससे पहले मंगलवार देर शाम अस्कोट में सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि पंचेश्वर बांध से जल, जंगल, जमीन के लिए संकट पैदा होगा। बांध में कई ऐतिहासिक, पौराणिक धरोहरों का नामोनिशान मिट जाएगा। पंचेश्वर बांध से तीन जिलों के लोग प्रभावित हो रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार बांध प्रभावितों की चिंता किए बगैर हड़बड़ी में बांध का निर्माण करने जा रही है। सबसे पहले बांध प्रभावित क्षेत्र के लोगों की चिंताओं का समाधान होना चाहिए। बांध प्रभावितों के लिए सरकार के पास क्या योजना है, यह बात साफ नहीं की जा रही है।
रावत ने बगड़ीहाट क्षेत्र का भी भ्रमण कर लोगों से मुलाकात की। रजवार भानुराज पाल ने राजमहल को धरोहर घोषित करवाने की दिशा में पहल करने का मामला रावत के सामने उठाया। अस्कोट पहुंचने पर कांग्रेस प्रदेश सचिव प्रदीप पाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रावत का स्वागत किया। इस दौरान राज्यसभा सदस्य महेंद्र सिंह माहरा, पूर्व विधायक मयूख महर, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश जोशी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत, तनुज पाल, खीम सिंह लुंठी, ललित पाल, प्रधान राम सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे। इसके बाद रावत थल पहुंचे और वहां उन्होंने रामलीला देखी। उन्होंने लोगों से कहा कि राम के आदर्शों को जीवन में अपनाएं तथा असत्य, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं। इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।