{"_id":"5988a2824f1c1b090f8b4651","slug":"current-death-of-student","type":"story","status":"publish","title_hn":"करंट से छात्र की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
करंट से छात्र की मौत
ब्यूरो/अमर उजाला, धारचूला
Updated Mon, 07 Aug 2017 10:55 PM IST
विज्ञापन
करंट से किशोर की मौत की सूचना मिलते ही धारचूला अस्पताल में एकत्रित लोग
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बलुवाकोट के पास रौझाड़ पंतागांव में सोमवार सुबह 10 बजे कक्षा दस में पढ़ने वाले एक किशोर को करंट लग गया। गंभीर हालत में उसे परिजन धारचूला अस्पताल ले गए, जहां उसने शाम करीब 5.30 बजे दम तोड़ दिया। इस घटना से गांव के लोगों में भारी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि बिजली के झूलते तारों को ठीक करने की कई बार मांग की गई, लेकिन विद्युत विभाग के लाइनमैन ने कभी ध्यान नहीं किया। सोमवार को भी किशोर को करंट लगने के बाद कई घंटे तक लाइनमैन ने लाइन नहीं काटी।
विज्ञापन
बताया गया कि रौझाड़ पंतागांव निवासी देवेंद्र सिंह रैखोला का 15 वर्षीय बेटा विजय सिंह सोमवार सुबह अपने घर के पास ही घूम रहा था, तभी अचानक उसके सिर पर बिजली का तार टूटकर गिर गया। करंट की चपेट में आने से विजय गंभीर रूप से झुलस गया। गांव के लोग उसे चार किलोमीटर दूर बलुवाकोट तक पीठ पर लादकर लाए। वहां से एक वाहन में उसे धारचूला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। विजय सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में कक्षा दस में पढ़ता था। इस घटना से गांव के लोगों में भारी गुस्सा है। उनका कहना है कि यह घटना विद्युत विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही से हुई।
विज्ञापन
गांव के सरपंच चंचल सिंह ऐरी ने बताया कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद लाइनमैन रमेश राम तितियाल और संजय राम को फोन से सूचना दी तथा बिजली की लाइन काटने का आग्रह किया, लेकिन अपरान्ह दो बजे तक बिजली की लाइन नहीं काटी गई। उन्होंने बताया कि पूरे गांव में बिजली के तार जगह-जगह झूल रहे हैं। यह किसी भी समय गंभीर खतरे का कारण बन सकते हैं। इधर, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता सीएस बसनेत ने कहा कि किशोर की मौत करंट लगने से हुई है। उसके परिजनों को मुआवजा देने के लिए विभागीय प्रक्रिया अपनाई जाएगी। दस दिन के भीतर परिजनों को मुआवजा दे दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने इस घटना की जांच का आदेश दे दिया है। एसडीएम आरके पांडे ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को धारचूला में ही किया जाएगा।
विज्ञापन
वहीं, किशोर की मौत की सूचना मिलते ही रौझाड़ गांव के कई लोग अस्पताल पहुंच गए। जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र थापा, हरीश भाट, ईश्वर सिंह, दिनेश ऐरी, नरेंद्र सामंत आदि ने लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।