{"_id":"58f798ed4f1c1b197447379e","slug":"complaint-register-will-be-maintained-on-every-travel-stop","type":"story","status":"publish","title_hn":"हर यात्रा पड़ाव पर शिकायत पंजिका रखी जाएगी ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हर यात्रा पड़ाव पर शिकायत पंजिका रखी जाएगी
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
Updated Wed, 19 Apr 2017 10:35 PM IST
विज्ञापन
कैलाश मानसरोवर यात्रा की तैयारी बैठक में मौजूद अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कैलाश मानसरोवर यात्रा की तैयारी को लेकर जिला कार्यालय सभागार में हुई बैठक में तय किया गया कि इस बार हर यात्रा पड़ाव पर शिकायत पुस्तिका रखी जाएगी। यदि यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर कोई यात्री इस पुस्तिका में अपनी शिकायत दर्ज कराता है तो दो दिन के भीतर उस शिकायत का निराकरण किया जाएगा। हर यात्री के सुझावों पर प्राथमिकता से अमल किया जाएगा।
विज्ञापन
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम सी रविशंकर ने कहा कि 15 मई से पहले वह खुद यात्रा मार्ग का जायजा लेने जाएंगे। इस बार यात्रा को ज्यादा सुविधाजनक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। कुमाऊं मंडल विकास निगम के महाप्रबंधक टीएस मर्तोलिया ने बताया कि इस वर्ष यात्रा आठ जून से शुरू होगी। दिल्ली से यात्रियों को वोल्वो बसों से काठगोदाम तक लाया जाएगा। वहां से छोटे वाहनों से यात्री आगे बढ़ेंगे। प्रथम दल 12 जून को अल्मोड़ा पहुंचेगा और 13 जून को प्रथम यात्री दल आधार शिविर धारचूला पहुंच जाएगा। उन्होंने बताया कि सिर्खा, गाला, बूंदी, गुंजी और नाभीढांग में यात्री पड़ाव बनाए जाएंगे। पिछले साल तक भी यही व्यवस्था थी। अंतिम दल आठ सितंबर को दिल्ली पहुंचेगा। इसी के साथ यात्रा का समापन हो जाएगा। इस बार भी 18 यात्री दल जाएंगे। यदि हर दल में अधिकतम 60 यात्री शामिल हुए तो इस बार 1080 लोगों को कैलाश मानसरोवर के दर्शनों का लाभ मिलेगा।
विज्ञापन
सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों से कहा गया कि जहां पर सड़क चौड़ीकरण का काम हो चुका है वहां पर तत्काल हॉटमिक्स बिछा दें। संवेदनशील स्थानों पर बुलडोजर और जेसीबी को तैनात रखा जाए। धारचूला के एसडीएम, लोनिवि और सीमा सड़क संगठन के अधिकारी यात्रा शुरू होने से पहले सड़क का निरीक्षण करेंगे। बैठक में सीडीओ आशीष चौहान, एडीएम मोहम्मद नासिर, डीएफओ विनय भार्गव, लोनिवि के एसई वाईएस शैल, धारचूला के एसडीएम आरके पांडे, आईटीबीपी, बीआरओ के अधिकारी मौजूद थे।
विज्ञापन
हर दल के साथ दो पुलिसकर्मी रहेंगे
कैलाश मानसरोवर यात्रियों के हर दल के साथ दो पुलिसकर्मी रहेंगे। उनके पास वायरलेस सेट होगा। हर दल की हर घंटे की सूचना बेस कैंप में स्थापित नियंत्रण कक्ष को मिल जाएगी। धारचूला, बूंदी और पांगला में एसडीआरएफ के जवान तैनात रहेंगे। सीओ शेखर सुयाल ने बताया कि गुंजी में अस्थायी थाना और बूंदी में अस्थायी चौकी खोली जाएगी। आईटीबीपी की ओर से भी संचार की सुविधा दी जाएगी।
हर दल के साथ रहेगा एक डॉक्टर, वार्डब्वाय
सीएमओ डा. यूएस अधिकारी ने बताया कि हर यात्री दल के साथ एक डॉक्टर और एक वार्डब्वाय रहेगा। यात्रा मार्ग पर चार स्थानों पर चिकित्सा कैंप लगाए जाएंगे। इनमें एक फार्मेसिस्ट एवं अन्य चिकित्सा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। जिले में डॉक्टरों की कमी के कारण पिछले साल तक बाहरी जिलों के डॉक्टरों की यात्रा मार्ग पर तैनाती की गई, लेकिन किसी ने भी ड्यूटी नहीं दी। ऐसे डॉक्टरों के खिलाफ शासन को कार्रवाई के लिए लिख दिया था।
पोनी, पोर्टर्स को रोस्टर से काम मिलेगा
कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर यात्रियों का सामान ढोने के लिए लगाए जाने वाले पोनी और पोर्टर्स को इस बार रोस्टर के अनुसार काम दिया जाएगा, ताकि सभी को काम मिल सके। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने कहा कि पोनी, पोर्टर्स के पंजीकरण की प्रक्रिया जल्दी शुरू होगी। इस बार इस मामले में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी। पिछले वर्ष पोनी, पोर्टर्स को काम देने को लेकर काफी शिकायतें आई थी।