नगरों, कस्बों, गांवों में पेयजल को लेकर मारामारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला मुख्यालय में लाख कोशिश के बाद भी पेयजल वितरण की व्यवस्था में सुधार नहीं आ पा रहा है। फिलहाल इसमें सुधार की संभावना भी नहीं है, क्योंकि नगर को 12 लाख एमएलडी पानी की जरूरत के विपरीत मात्र 5 एमएलडी पानी मिल पा रहा है। अधिकांश मोहल्लों में गंभीर संकट की स्थिति है। ऐंचोली मोहल्ले में तो लोग सुबह से ही सार्वजनिक स्टैंड पोस्ट पर बर्तनों की कतार लगा रहे हैं। अन्य इलाकों में पेयजल की सप्लाई हो तो रही है लेकिन यह इतनी कम मात्रा में मिल रहा है कि उससे लोगों का 24 घंटे तक गुजारा चलाना कठिन हो रहा है।
जिलाधिकारी एचसी सेमवाल ने जल संस्थान के अधिकारियों की बैठक लेकर हर हाल में व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया है। डीएम ने सभी एसडीएम से कहा है कि वह खुद भी पानी के वितरण की व्यवस्था का निरीक्षण करें और अपने स्तर से समाधान में सहयोग करें। इस समय नगर को घाट पंपिंग योजना से ही पानी मिल पा रहा है। ठुलीगाड़ में पानी कम हो जाने के कारण कुछ घंटों के लिए एक पंप चलाया जा रहा है। यदि जल्दी बारिश नहीं होती तो मई में पेयजल को लेकर सभी जगह त्राहि-त्राहि मचने वाली है।
मध्यान्ह भोजन बनाने में आ रही दिक्कत
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। इस तहसील के कई विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन बनाने के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। विद्यालयों तक पेयजल की जो योजनाएं बनाई गई थी उनमें पानी आना बंद हो गया है। शिक्षकों के सामने यह समस्या है कि मध्यान्ह भोजन अनिवार्य रूप से बनाना है, लेकिन पानी नहीं मिल रहा है। कई विद्यालयों के शिक्षकों ने बताया कि इस समय बच्चों के पीने के लिए पानी का इंतजाम करने में ही कठिनाई आ रही है। डीडीहाट विकासखंड में 53 प्राथमिक विद्यालयों, 9 जूनियर हाईस्कूलों, 3 इंटर कॉलेजों, 5 हाईस्कूलों में मध्यान्ह भोजन के लिए पानी जुटाने में खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। तहसील मुख्यालय के जीआईसी, जीजीआईसी, जीआईसी हचीला, प्राथमिक विद्यालय लोहारगांव, सिरतोली, धाराकौली, डिगौटी, घसाड़ समेत कई विद्यालयों में पानी का इंतजाम एक किलोमीटर दूर से करना पड़ रहा है। खंड शिक्षा अधिकारी हिमांशु श्रीवास्तव ने बताया कि पेयजल का गंभीर संकट तो है लेकिन किसी तरह इंतजाम कर इस समय सभी स्कूलों में मध्यान्ह भोजन बनाया जा रहा है। इस बीच डीडीहाट नगर में अब दो दिन छोड़कर पानी का वितरण हो रहा है। जल संस्थान टैंकर और पिकअप में ढोकर पानी बांट रहा है।
मुनस्यारी के कई गांवों में भारी संकट
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। इस तहसील के बुंगा, घोरपट्टा, जैंती, सरमोली गांव के लिए बनी पेयजल योजना के स्रोत सूख गए हैं। मुनस्यारी नगर में भी पानी की किल्लत होने लगी है। यह पहला मौका है जब मुनस्यारी में लोग पेयजल के लिए परेशान होने लगे हैं। भाजपा नेता जगत मर्तोलिया ने एसडीएम वैभव गुप्ता को ज्ञापन देकर तत्काल पेयजल संकट दूर करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में बबलू लोहनी, हिमांशु धर्मशक्तू, अर्जुन देवली, पुष्कर नेगी, आनंद राम आदि थे।
बेड़ीनाग में स्थिति काबू से बाहर
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। 15 हजार की आबादी वाले बेड़ीनाग नगर में पेयजल संकट ने गंभीर रूप ले लिया है। अब स्थिति लगातार काबू से बाहर होती जा रही है। जल संस्थान वाहनों, टैंकरों से पानी बांट तो रहा है, लेकिन इतनी ज्यादा आबादी के लिए पानी का इंतजाम करना बड़ी चुनौती साबित हो रहा है। गर्मियों में हर व्यक्ति की पानी की जरूरत बढ़ जाती है। जल संस्थान के अवर अभियंता गजेंद्र सिंह का कहना है कि विभाग अपने स्तर से पूरी कोशिश कर रहा है। विभाग ने अपने सभी संसाधन झोंक दिए हैं। ग्रामीण अंचलों में स्थिति बेहद खराब है। लोग अन्य कामों को छोड़कर पानी की व्यवस्था में लगे हैं।