{"_id":"1daceade10badd93c4e9f2c9052b2eb6","slug":"chufal-legislator-four-hours-in-custody-on-bail-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"विधायक चुफाल चार घंटे हिरासत में, जमानत पर छूटे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
विधायक चुफाल चार घंटे हिरासत में, जमानत पर छूटे
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
Updated Fri, 30 Oct 2015 06:53 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नेशनल हाइवे में जाम लगाने के मामले में डीडीहाट के विधायक विशन सिंह चुफाल समेत भाजपा के चार अन्य नेताओं ने शुक्रवार को सिविल जज जूनियर डिवीजन की अदालत में आत्मसमर्पण किया। चार घंटे तक इनको हिरासत में रखने के बाद न्यायालय ने उनको जमानत दे दी। सभी को 30-30 हजार रुपये के जमानत के मुचलके भरे। विधायक तथा उनके साथ चार अन्य लोग सुबह 10.40 बजे न्यायालय पहुंचे। उनको अपराह्न 2.40 बजे जमानत मिली।
विज्ञापन
विधायक चुफाल तथा अन्य के वकील रघुनाथ सिंह चौहान ने बताया कि सड़क, शिक्षा, चिकित्सा के मुद्दे पर विधायक चुफाल के नेतृत्व में 22 दिसंबर 2014 को टनकपुर-तवाघाट नेशनल हाइवे में कनालीछीना में जाम लगाया था। कनालीछीना पुलिस ने श्री चुफाल के साथ भाजपा पिथौरागढ़ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र रावत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह बोहरा, संजय भंडारी, मनोहर भंडारी के खिलाफ धारा 147, 341 में मुकदमा दर्ज किया था। इन सभी ने आज न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। बाद में सिविल जज जूनियर डिवीजन रविप्रकाश ने सभी को जमानत दे दी। जमानत मिलने के बाद विधायक समेत अन्य लोगों का कार्यकर्ताओं ने फूलमाला डालकर स्वागत किया। मुख्य बाजार में हुई सभा में पूर्व विधायक केसी पुनेठा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भाजपा कार्यकर्ताओं का लगातार उत्पीड़न कर रहे हैं और जनमुद्दों की अनदेखी कर रहे हैं। विधायक चुफाल ने कहा कि जनता के मुद्दों को उठाना प्रदेश सरकार की नजर में अपराध हो रहा है। उन्होंने कहा कि समस्या समाधान के लिए वह अभियान जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका पर उनको पूरा यकीन है और उसका हमेशा सम्मान भी करते हैं। आज आत्मसमर्पण की सूचना से पिथौरागढ़, कनालीछीना, थल, धारचूला समेत अन्य इलाकों से भारी संख्या में कार्यकर्ता यहां पहुंचे थे।
विज्ञापन