कार दुर्घटनाग्रस्त, किशोरी समेत 3 की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तवाघाट से धारचूला की ओर आ रही आल्टो कार धारचूला से चार किलोमीटर दूर कालीधार के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में किशोरी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जिलाधिकारी एचसी सेमवाल ने दुर्घटना के कारणों के जांच के आदेश दे दिए हैं और शवों का पोस्टमार्टम धारचूला में ही कराने के लिए जिला मुख्यालय से डॉक्टरों की टीम भेज दी है। बताया जा रहा है कि ये लोग आठूं का कार्यक्रम देखकर धारचूला लौट रहे थे। दुर्घटना किस समय हुई, इसका सही पता नहीं चला है, लेकिन लोगों को यह दुर्घटनाग्रस्त कार शुक्रवार सुबह सात बजे नजर आई।
जानकारी के मुताबिक आल्टो कार (यूके 05ए-7851) कालीधार के पास सड़क से 200 मीटर दूर महाकाली के किनारे गिरी थी। दुर्घटनाग्रस्त कार के आसपास धारचूला के हाट गांव निवासी गोविंद थलाल (27) पुत्र हरक सिंह थलाल, पूरन चंद (26) पुत्र केशर चंद और ग्वालगांव निवासी खुशबू थापा (16) पुत्री चंद्रबहादुर थापा के शव पड़े थे। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार आईबी मल्ल, थानाध्यक्ष बलवंत कंबोज, एसआई केआर आर्या, कानूनगो बीडी अवस्थी, हुकुम सिंह, एसडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि ये लोग बृहस्पतिवार शाम हाट गांव निवासी विपिन थलाल की कार लेकर तवाघाट की तरफ निकले थे।
दुर्घटना इतनी भयंकर थी कि कार के परखचे उड़ गए तथा शव जगह-जगह बिखरे पड़े थे। एसडीआरएफ के उपनिरीक्षक राजेश जोशी, एचसी डूंगर अधिकारी, सुंदर बोरा, राकेश चंद, मनोज ध्यानी, आपदा राहत दल के नवीन जोशी, लक्ष्मण सिंह, संजय रौंकली आदि ने 2 घंटे की मशक्कत के बाद शवों को 2 किमी तक ढोकर खोतिला के रास्ते धारचूला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। तहसीलदार आईबी मल्ल ने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। घटना की जानकरी मिलते ही दुर्घटना स्थल और अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ उमड़ गई। लोगों में दुर्घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।