Pithoragarh News: 183.70 करोड़ की लागत से संवरेगी सोबला-ढाकर सड़क, BRO 67 आरसीसी ग्रिन ने शुरू किया कार्य
दारमा घाटी की चीन सीमा को जोड़ने वाली सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सोबला-ढाकर 46 किमी सड़क का डामरीकरण और सुधारीकरण कार्य बीआरओ ने शुरू कर दिया है। इससे ग्रामीण, सुरक्षा एजेंसी और पंचाचूली आने वाले पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
विस्तार
धारचूला के दारमा घाटी की चीन सीमा को जोड़ने वाली सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सोबला-ढाकर 46 किमी सड़क का डामरीकरण और सुधारीकरण कार्य बीआरओ ने शुरू कर दिया है। इससे ग्रामीण, सुरक्षा एजेंसी और पंचाचूली आने वाले पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
67 आरसीसी ग्रिफ के ओसी सौरभ कुमार ने बताया कि सड़क के डामरीकरण और सुधारीकरण के लिए केंद्र सरकार की ओर से 183.70 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है। बीआरओ ने सोबला-ढाकर सड़क के आपदाग्रस्त क्षेत्र ग्राम दर के घटखोला जगह पर क्रेटवाल का कार्य शुरू कर दिया है। इसके पूरा होने के बाद मानसून काल में बार-बार सड़क बाधित होने से निजात मिलेगी। 765 बीआरटीएफ के कमांडर कर्नल प्रशांत सिंह ने बताया कि 3.75 मीटर चौड़ी सड़क पर डामरीकरण और सुधारीकरण कार्य किया जाना है। इसके लिए दो एक्सवेटर और दो जेसीबी मशीन लगाई गई हैं।
उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण कार्य में बीआरओ करीब 300 स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार भी देगी। सड़क पर कार्य शुरू होने से ग्रामीण भी खुश हैं। उनका कहना है कि बरसात में सड़क बंद होन से उन्हें पैदल आवाजाही नहीं करनी पड़ेगी। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।