पिथौरागढ़। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बारहमासी सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के बाद सड़क निर्माण में गुणवत्ता की जांच कराने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजा।
शनिवार को पीएम को भेजे पत्र में भाजपा कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र लुंठी ने कहा कि प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत टनकपुर से पिथौरागढ़ 150 किमी लंबी बारहमासी सड़क का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण का कार्य कर रही गेनन डंकरले का ठेकेदार निर्माण स्थल पर नहीं पहुंचा है। तकनीकी स्टाफ के बिना सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। सड़क निर्माण के दौरान पिथौरागढ़ शहर के लिए बनी घाट पंपिंग योजना को ध्वस्त कर दिया गया है। सड़क निर्माण के दौरान निकले मलबे को निर्धारित डंपिंग जोन में न डालकर घने जंगलों और नालों के बीच डाला जा रहा है। उन्होंने पीएम से सड़क निर्माण की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। इस मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गिरीश जोशी, गोविंद महर, राजेंद्र भट्ट, राजेंद्र जोशी, मनोज सामंत, हरेंद्र कुंवर, महेंद्र चमाली, सोबी रावल, जितेंद्र नगरकोटी, बसंत वर्मा, होशियार सिंह आदि रहे।
पिथौरागढ़ में बारहमासी सड़क का निरीक्षण करते भाजपा कार्यकर्ता।