{"_id":"591b38984f1c1bfc71f232c9","slug":"banks-caution-against-defending-cyber-attacks","type":"story","status":"publish","title_hn":"साइबर हमलों से बचाव को बैंकों ने बरती सावधानी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
साइबर हमलों से बचाव को बैंकों ने बरती सावधानी
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
Updated Tue, 16 May 2017 11:06 PM IST
विज्ञापन
कैश न होने से सूना पड़ा पिथौरागढ़ स्टेट बैंक का एटीएम
- फोटो : amar ujala
देशभर में साइबर हमलों के खतरों को देखते हुए बैंक भी अतिरिक्त सावधानी बरत रहे हैं। भारतीय स्टेट बैंक के कारपोरेट आफिस ने नया और मजबूत एंटी वायरस अपडेट कर लिया है। बैंक के अधिकारियों का दावा है कि उनके कामकाज और एटीएम पर किसी प्रकार का असर नहीं पड़ेगा। यह बात अलग है कि पैसे की कमी के कारण मंगलवार को नगर के ज्यादातर एटीएम बंद रहे। बैंक के अधिकारियों का यह भी कहना है कि जो लोग ई-बैंकिंग का उपयोग कर रहे हैं वह वायरस के कारण दिक्कत में आ सकते हैं। फिलहाल इस जिले में हैकिंग का कोई मामला पकड़ में नहीं आया है।
विज्ञापन
स्टेट बैंक के प्रबंधक प्रवीण गर्ब्याल ने बताया कि शनिवार और रविवार को बैंक में छुट्टी थी, उस समय कारपोरेट आफिस ने अपनी सभी शाखाओं में एंटी वायरस एक्टिवेट करवा दिया है। उन्होंने कहा कि बैंक के कामकाज में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ एटीएम में पैसा समाप्त होने के कारण उनको बंद किया गया था, लेकिन बुधवार से एटीएम भी सही हालत में काम करने लग जाएंगे। जिले में स्टेट बैंक ही सबसे बड़ा बैंक है।
विज्ञापन
जिले के ग्रामीण अंचलों में स्टेट बैंक की शाखाएं ज्यादा हैं। स्टेट बैंक में ही क्लीयरेंस काउंटर लगता है और छोटे बैंकों को कैश भी स्टेट बैंक से ही जारी होता है। इस बीच नगर क्षेत्र में पैसे की कमी से कई एटीएम बंद रहने के कारण लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नोटबंदी के बाद काफी समय तक एटीएम में पैसे की कमी हो गई थी। अब फिर से कैश की किल्लत होने लगी है।
विज्ञापन