{"_id":"58386ad04f1c1b663a13ba5f","slug":"army-won-the-first-prize-devdi-bhairav","type":"story","status":"publish","title_hn":"सेना के भैरव देवड़ी ने जीता पहला पुरस्कार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सेना के भैरव देवड़ी ने जीता पहला पुरस्कार
ब्यूरो/अमर उजाला, मुनस्यारी
Updated Fri, 25 Nov 2016 10:16 PM IST
विज्ञापन
मुनस्यारी में डाउनहिल माउंटेन बाइकिंग में विजेता प्रतिभागी
- फोटो : अमर उजाला
डाउनहिल माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता में सेना के जवान छाए रहे। साइकिल से 38.5 किलोमीटर की दूरी को एक घंटा 54 मिनट 20 सेकेंड में पूरी कर सेना के भैरव देवड़ी ने पहला पुरस्कार जीता। दूसरे स्थान पर आए कर्नाटक के किरन कुमार राजू ने यह दूरी एक घंटा 58 मिनट 15 सेकेंड में पूरी की। तीसरे स्थान पर भी भारतीय सेना के जवान पूर्ण बहादुर प्रधान रहे। उन्होंने निर्धारित दूरी को एक घंटा 58 मिनट 21 सेकेंड में पूरा किया।
विज्ञापन
चौथे स्थान पर सेना के रमेश भारतीय और पांचवें स्थान पर माखन सिंह रहे। प्रथम स्थान प्राप्त को 1.5 लाख, दूसरे स्थान वाले को एक लाख, तीसरे स्थान वाले को 60 हजार, चौथे स्थान वाले को 40 हजार और पांचवें स्थान वाले को 30 हजार रुपए की राशि का चेक दिया गया।
विज्ञापन
प्रतियोगिता में कुल 33 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। उनके लिए 5.5 किलोमीटर का ट्रैक निर्धारित किया गया। उस ट्रैक में सात चक्कर लगाने थे। पहले राउंड में 33, दूसरे में 23, तीसरे में 22, चौथे में 18, पांचवें में 13, छठे में 11 और अंतिम राउंड में सिर्फ छह लोग ही इस ट्रैक को पूरा कर पाए। प्रतियोगिता शुक्रवार सुबह नौ बजे से शुरू हुई। राउंड पूरा होने पर अपरान्ह करीब दो बजे इसका समापन हो गया। पहले राउंड में तेलंगाना के साइकिल सवार जगराज गिर गए। उनके हाथ में चोट आ गई।
विज्ञापन
प्रतियोगिता में दूसरा स्थान पाने वाले किरन राजू दो बार नेशनल चैंपियनशिप में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुके थे, लेकिन इस बार वह चूक गए। समापन अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री तारा पांगती, ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र रावत ने विजेताओं को पुरस्कार बांटे। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि हीरा सिंह चिराल, वन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक एसके पंत, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मनोहर टोलिया, सुरेंद्र पंवार, साइकिल फेडरेशन के ओमकार सिंह, ओपी सिंह समेत भारी संख्या में लोग थे।