{"_id":"56fffb824f1c1b2978f00212","slug":"another-body-was-found-from-mahakali","type":"story","status":"publish","title_hn":"महाकाली से मिला एक और शव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
महाकाली से मिला एक और शव
ब्यूरो/अमर उजाला, धारचूला/झूलाघाट
Updated Sat, 02 Apr 2016 10:34 PM IST
विज्ञापन
सर्च अभियान
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जौलजीबी के पास 28 मार्च को महाकाली में समाई बोलेरो जीप के साथ बही एक महिला का शव शनिवार को सर्च अभियान के दौरान बरामद हुआ है। उसकी शिनाख्त हो गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। नदी में बहे धारचूला हनुमान मंदिर के पुजारी मोहन सिंह धामी और चार वर्ष की पलक की खोजबीन के लिए शनिवार को भी सर्च अभियान जारी रहा।
विज्ञापन
पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा ने बताया कि शनिवार को एक शव झूलाघाट से आगे बलतड़ी की तरफ बरामद हुआ, जो पुष्पा बोरा पत्नी पुष्कर सिंह निवासी बरम का है, जबकि शुक्रवार को बरामद एक शव की शिनाख्त जीप चालक सुजान सिंह पुत्र नैन सिंह निवासी पय्यांपौड़ी के रूप में हुई है। परिजनों ने इन शवों की शिनाख्त कर ली है। एसपी ने बताया कि धारचूला हनुमान मंदिर के पुजारी मोहन सिंह धामी और चार वर्षीय पलक की खोजबीन का काम जारी है।
विज्ञापन
नदी में बहे तीन लोगों के शव अब तक बरामद हो गए हैं, जबकि एक व्यक्ति का शव घटना के दिन ही महाकाली के किनारे मिल गया था। एसपी ने बताया कि जीप में कुल छह लोग सवार थे। एसपी ने जानकारी दी कि महाकाली में शनिवार को भी एसडीआरएफ, केएमवीएन की टीमों ने सर्च अभियान जारी रखा। अस्कोट के थाना प्रभारी विद्यादत्त जोशी के नेतृत्व में पुलिस की टीम भी लगातार खोजबीन कर रही है।
विज्ञापन
बढ़ने लगा महाकाली का जलस्तर
झूलाघाट। गर्मी बढ़ने के साथ ही ग्लेशियरों के पिघलने का क्रम शुरू हो गया है। इस कारण महाकाली का जलस्तर बढ़ने लगा है। महाकाली में धौली और गोरी का पानी भी मिलता है। नदी का जलस्तर बढ़ने से खोजबीन के काम में बाधा पहुंच रही है। एसपी ने बताया कि सभी लोगों की तलाश होने तक अभियान जारी रहेगा। इसके लिए एसडीआरएफ और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं।
शवों के मिलने के बाद तेज होगी जांच
झूलाघाट। जिलाधिकारी एचसी सेमवाल ने कहा कि जौलजीबी में 28 मार्च को हुई दुर्घटना में मारे गए चार लोगों के शव अब तक बरामद हो गए हैं। शवों के मिलने के बाद अब जांच का काम तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धारचूला के एसडीएम इस घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। कोई भी व्यक्ति घटना के संबंध में उनको जानकारी दे सकता है, ताकि जांच तेजी से पूरी हो सके।