पिथौरागढ़: स्कूल से घर जा रही छात्रा पर ततैया के झुंड ने किया हमला, हालत गंभीर
पिथौरागढ़ के जीआईसी बड़ाबे से छुट्टी के बाद घर लौट रही छात्राओं पर ततैया के झुंड ने हमला कर दिया। घटना में एक छात्रा घायल हो गई, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
विस्तार
पिथौरागढ़ जीआईसी बड़ाबे से छुट्टी के बाद घर लौट रही छात्राओं पर ततैया के झुंड ने हमला कर दिया। घटना में एक छात्रा घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य छात्राओं ने भागकर बमुश्किल ततैयों से पीछा छुड़ाया और सुरक्षित बच गईं। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत है तो अभिभावकों में आक्रोश है। अभिभावकों का कहना है कि इस घटना के बाद छात्र-छात्राओं को स्कूल भेजने में भी डर लग रहा है।
जानकारी के मुताबिक जिले के धारी, बेलतड़ी निवासी 17 वर्षीय भूमिका भट्ट जीआईसी बड़ाबे में 12वीं कक्षा में पढ़ती है। बीते बुधवार को वह अपनी साथियों के साथ छुट्टी के बाद स्कूल से घर लौट रही थी। इसी बीच रास्ते में छत्ते से निकलकर ततैयों ने छात्राओं पर हमला कर दिया। अन्य छात्राएं तो भागकर ततैयों से पीछा छुड़ाने में कामयाब रहीं लेकिन भूमिका के सिर पर कई ततैयों ने डंक मार दिए। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। साथियों की सूचना पर परिजनों ने मौके पर पहुंचकर बेहोशी की हालत में पड़ी भूमिका को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज चल रहा है।
पीएमएस डॉ. डीपी सिंह ने बताया कि छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका इलाज चल रहा है। वहीं इस घटना से धारी, बेलतड़ी गांव के छात्र-छात्राओं में डर का माहौल है। हालात यह है कि वे ततैयों के डर से स्कूल जाने में कतरा रहे हैं।
जिले में नगर से लेकर कस्बों, गांवों में आए दिन ततैयों के हमले में लोग घायल होकर जीवन और मौत से जूझ रहे हैं और जिम्मेदार चुप हैं। बीते दो महीने के भीतर जिले के अलग-अलग हिस्सों में ततैयों के हमले में 15 से अधिक लोग घायल होकर जिला अस्पताल पहुंचे हैं।