{"_id":"5a7898ae4f1c1b84268b8acc","slug":"111517852846-pithoragarh-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"अफसरों ने जन समस्याओं को बनाया फुटबॉल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अफसरों ने जन समस्याओं को बनाया फुटबॉल
Updated Mon, 05 Feb 2018 11:17 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
पिथौरागढ़ । अफसरों ने जन समस्याओं को फुटबॉल बना दिया है। समस्याएं गेंद की तरह इस विभाग से उस विभाग के पाले में चक्कर काट रही हैं। अपनी जवाबदेही से पल्ला झाड़ने के लिए विभागीय अधिकारी समस्याओं को दूसरे के पाले में डाल रहे हैं। इसके चलते लंबित समस्याओं का ग्राफ बढ़कर 111 हो गया है।
सोमवार को कलक्ट्रेट में आयोजित जनता दरबार में अधिकारियों के गैर जिम्मेदाराना रवैये की तस्वीर सामने आई। अधिकांश समस्याएं एक से अधिक विभागों से जुड़ी थी। इनकी समीक्षा की बारी आई तो अधिकारी समस्या को दूसरे विभाग से संबंधित बताकर पल्ला झाड़ने की कोशिश करने लगे। एक-दो नहीं ज्यादातर समस्याओं के निस्तारण के मामले में यही रुख दिखने को मिला।
विज्ञापन
इस दौरान विभागों के बीच आपसी तालमेल की कमी और संवादहीनता भी सामने आई। परस्पर विभागों को एक-दूसरे से जुड़ी समस्याओं की जानकारी तक नहीं थी। एक विभाग समस्या को अग्रसारित करने की जानकारी दे रहा था, दूसरा इससे अनभिज्ञता जता रहा था। जबकि सभी समस्याएं सरकारी रिकार्ड में दर्ज थीं। बकायदा मुख्यालय से संबंधित विभागों को इस संबंध में शिकायती पत्र जारी हुए थे। इसके इतर कई अन्य समस्याओं के निस्तारण पर जवाब मांगा गया तो अधिकारी टालामटोली करते और बगलें झांकते नजर आए।
विज्ञापन
अधिकारियों की इसी कार्यप्रणाली का नतीजा है कि जनता दरबार में लंबित समस्याओं का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। पिछले साल नवंबर में लंबित मामलों की संख्या तीन थी। दिसंबर में 14 जबकि इस साल जनवरी में इनकी संख्या 94 पहुंच गई। वर्तमान में लंबित समस्याओं का आंकड़ा 111 पहुंच गया है। जनता दरबार के दौरान एडीएम मुहम्मद नासिर ने अफसरों के इस रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने अगले सप्ताह तक लंबित समस्याओं के निस्तारण पर स्पष्ट आख्या तलब की है। एडीएम का कहना है कि जन समस्याओं के निस्तारण में संवेदनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएग्री।
41 नई समस्याएं हुईं दर्ज
सोमवार को आयोजित जनता दरबार में 41 नई समस्याएं दर्ज हुईं। फरियादियों ने एक-एक कर संबंधित अधिकारियों के समक्ष समस्याएं रखीं। दर्ज हुई समस्याओं में सड़क, पानी, आवास, दैवीय आपदा, सीएम स्वास्थ्य बीमा योजना भुगतान, स्कूल भवनों के क्षतिग्रस्त होने, संचार सेवा आदि मुद्दे शामिल थे।
फरियादी ने दरबार में आंदोलन की धमकी दी
जनता दरबार के दौरान धारचूला के रपली धार खेला में निर्माणाधीन सड़क के काम में ढिलाई और अधिकारी के गोलमोल जवाब पर फरियादी का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज फरियादी ने अधिकारियों से खचाखच भरे हॉल में आंदोलन की धमकी देकर माहौल गर्मा दिया। आरोप है कि कार्यदायी संस्था ने एक माह से काम ठप कर रखा है। अधूरी सड़क से लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इससे आदि कैलाश यात्रा मार्ग भी बाधित हो सकता है। कार्यदायी संस्था की दलील है कि मार्ग में आ रहे कुछ बिजली पोलों को हटाया जाना है। इसके लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखा है। फरियादी ने सवाल उठाया कि काम शुरू करने से पहले पोल हटाने की कार्यवाही क्यों नहीं की गई।