विकासखंड कीर्तिनगर के नैथाणा, रानीहाट व देवली के ग्रामीणों ने अपनी दो सूत्री मांगों पर सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने पर आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि रेलवे विकास निगम ने उनकी मांगो पर कोई कार्रवाई नहीं की है। प्रभावित ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी कीर्तिनगर को ज्ञापन सौंप 30 जनवरी से रेल परियोजना के निर्माण कार्य को ठप करने की चेतावनी दी है।
मंगलवार को धरने के 11वें दिन ग्राम पंचायत नैथाणा, रानीहाट व देवली के ग्रामीणों ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना निर्माण में उनकी सबसे अधिक भूमि प्रयोग में लाई गई है, जिससे कई परिवार भूमि हीन और बेरोजगार हो चुके है। ऐसे में अपनी कृषि भूमि गवा चुके ग्रामीणों के सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। इस मौके पर प्रधान आशा देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। (संवाद)