पौड़ी पुलिस की झोली में तीन गोल्ड समेत सात पदक आए हैं। एसएसपी पौड़ी ने विजेता पुलिस जवानों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि पुलिस जवान अपनी ड्यूटी के साथ ही खेल विद्याओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
बुधवार को एसएसपी कार्यालय पौड़ी में एसएसपी पी. रेणुका देवी ने प्रादेशिक अंतर जिला प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिस के जवानों को सम्मानित किया। 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर में 9 से 11 अक्तूबर को 20वीं प्रादेशिक अंतर जिला प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें ताइक्वांडो, वुशु, जूडो, जिम्नास्टिक, कराटे क्लस्टर का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में पौड़ी पुलिस टीम ने प्रतिभाग किया था। पौड़ी पुलिस के जवानों ने 3 गोल्ड, 2 सिल्वर व 2 कांस्य पदक जीते हैं। एसएसपी रेणुका देवी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में उपनिरीक्षक अकरम अहमद के नेतृत्व में हिस्सा लेने के लिए जवान गए थे। प्रतियोगिता में कांस्टेबल लाविश कुमार ने वुशु में गोल्ड, महिला कांस्टेबल पायल तोमर ने वुशु में गोल्ड, कांस्टेबल महेंद्र ने वुशु में गोल्ड, गुलरेज अली ने वुशु में सिल्वर, संजय सिंह ने वुशु में सिल्वर, मनोज ने ताइक्वांडो में कांस्य व सुरेंद्र ने ताइक्वांडो में कांस्य पदक जीता। जिले की वुशु टीम ने चैंपियनशिप में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर सीओ सदर पीएल टम्टा, पीआरओ मुकेश गैराला आदि मौजूद रहे।