राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग में एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतिम दिन रंगारंग कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इस मौके पर सर्वश्रेष्ठ शिविरार्थी मनीषा, गौरव सिंह व ऑलराउंडर साहिल सिंह रावत तथा श्रेष्ठ ग्रुप कमांडर अरविंद सिंह को पुरस्कृत किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष कृष्णकांत कोटियाल ने स्वयंसेवियों से पहाड़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। प्राचार्य प्रो. वंदना शर्मा ने छात्र-छात्राओं की ओर से शिविर के दौरान कृष्णचौरी, बाल्मीकि बस्तियों व महाविद्यालय में चलाए गए स्वच्छता अभियान की सराहना की। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डा. दिनेश कुमार ने स्वयंसेवियों के कार्यों की जानकारी दी। छात्र ऋषभ की कविताओं, राहुल व चंद्र प्रकाश के गढ़वाली गीतों ने खूब तालियां बटोरीं। जबकि मनीषा, हिमांशु, काजल, उन्नति, आकृति, शिवानी, सोनम के गढ़वाली नृत्य गीत ने कार्यक्रम में समा बांधा। समापन अवसर पर डा. अर्चना धपवाल, डा. मनीषा डोभाल, डा. रंजू उनियाल, डा. सृजना राणा, डा. पारुल, डा. इलियास, डा. आदिल, डा. प्रतीक गोयल, डा. जीपी थपलियाल व नीतू आदि मौजूद थे।