कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में छात्र-छात्राओं के साथ संवाद किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने खेल गतिविधि का अभाव और पानी की किल्लत की समस्याएं बताईं। मंत्री ने प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।
शनिवार देर शाम मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में छात्र संवाद कार्यक्रम संपन्न हुआ। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत सहित अधिकारियों व संकाय सदस्यों ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री डॉ. रावत का स्वागत किया। इसके बाद मंत्री ने छात्र-छात्राओं के साथ सीधा संवाद किया। छात्रों ने बताया कि हॉस्टल में पानी की कमी है। हॉस्टल वार्डन ने बताया कि वर्तमान योजना में जितना पानी चल रहा है, उसी के मुताबिक टैंक से पानी छोड़ा जाता है। इस पर मंत्री ने एसडीएम, प्राचार्य एवं हॉस्टल वार्डन की कमेटी गठित कर 15 दिन के भीतर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। छात्रों ने बैडमिंटन कोर्ट, खेल मैदान और व्यायामशाला की मांग की। मंत्री ने कहा कि परिसर के अंदर ही खेल मैदान बनाया जाएगा। जब तक मैदान बनता है, तब तक श्रीकोट में बन रहे बहुउद्देशीय स्टेडियम में खेलने की अनुमति दी जाएगी। संवाद के पश्चात उन्होंने छात्रों के साथ मैस की व्यवस्था परखने के लिए भोजन किया।