उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट व नागरिक कल्याण मंच पौड़ी की ओर से दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार ललित मोहन कोठियाल की तीसरी पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया गया। इस दौरान विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया साथ ही स्मृति वन में सफाई अभियान भी चलाया गया। ट्रस्ट व मंच की ओर से उनकी स्मृति में चार छात्रों को ललित मोहन कोठियाल प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित विचार गोष्ठी का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार व गढ़वाली कवि गणेश खुगशाल गणी ने किया। गणी ने कहा कि कोठियाल ने हमेशा से जन जागृति व जनपक्ष के लिए संघर्ष किया। उन्होंने पत्रकारिता, साहित्य व जनांदोलनों को अपना जीवन समर्पित किया था, उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। मंच के महासचिव केदार सिंह गुसाईं, जीआईसी पौड़ी के प्रधानाचार्य बीसी बहुगुणा ने कोठियाल से जुड़ी स्मृतियां साझा कीं। इस दौरान ट्रस्ट के महासचिव आशीष नेगी ने जीआईसी पौड़ी के सागर, डीएवी की छात्रा कोमल, जीजीआईसी पौड़ी की छात्रा कुमकुम, एमआईसी पौड़ी के अमित कुमार को ललित मोहन कोठियाल प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष विमल नेगी व संचालन बाल कवि मनोहर चमोली मनु ने किया। इस अवसर पर भारत स्काउट गाइड के जिला सचिव केशर सिंह असवाल, राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जयदीप रावत, मंच के अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत, गबर सिंह नेगी, डा. कमलेश मिश्रा, सुरेंद्र सिंह रावत, यमुनराम, रवि रावत, प्रशांत नेगी और आशीष मोहन नेगी आदि मौजूद रहे।