श्रीनगर। पालिका चुनाव के लिए नामांकन के पहले दिन पांच दावेदारों ने सभासद पद के लिए नामांकन कराया। अध्यक्ष पद पर पहले दिन एक भी नामांकन नहीं हुआ है। जबकि अध्यक्ष पद के लिए 9 दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। इसके अलावा सभासद के 13 पदों के लिए 63 दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं।
श्रीनगर पालिका चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन सभासद के लिए 5 दावेदारों ने नामांकन कराया है। नामांकन कराने वालों में वार्ड नंबर एक से संजय कुमार, वार्ड नंबर 6 से सूरज, वार्ड नंबर 7 से डा. अलका पांडे, वार्ड नंबर 12 से अमित जुगराण व वार्ड नंबर 13 से पार्वती देवी ने नामांकन पत्र जमा कराए। सभासद पद के सहायक निर्वाचन अधिकारी जसवंत सिंह कंडारी ने बताया कि मंगलवार को सभासद पद के 22 दावेदारों ने 34 आवेदन पत्र खरीदे हैं। सोमवार को 41 दावेदारों ने 74 नामांकन पत्र खरीदे थे। सभासद के 13 पदों के लिए कुल 63 दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। अध्यक्ष पद पर मंगलवार को किसी भी दावेदार ने नामांकन नहीं कराया। अध्यक्ष पद के लिए नियुक्त निर्वाचन अधिकारी एसडीएम दीपेंद्र नेगी ने बताया कि मंगलवार को 5 लोगों ने 11 नामांकन पत्र खरीदे हैं। अध्यक्ष पद के लिए अब तक 9 लोग नामांकन पत्र खरीद चुके हैं। मंगलवार को अध्यक्ष पद के लिए सुषमा असवाल, मीना रावत, ललिता अग्रवाल, अनीता बुढाकोटी, पूनम तिवाड़ी ने नामांकन पत्र खरीदे।