गरमपानी (नैनीताल)। खैरना-रानीखेत मोटर मार्ग पर मल्ला पातली के पास शनिवार रात टिप्पर सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गया। हादसे में वाहन सवार अल्मोड़ा निवासी युवक की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया।
खैरना-रानीखेत मोटर मार्ग पर मल्ला पातली के पास एक टिप्पर सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा टक्कराया। हादसे में टिप्पर में सवार नीरज सिंह नेगी (25) पुत्र बचे सिंह नेगी निवासी मल्ला पातली अल्मोड़ा की वाहन में बुरी तरह फंसकर दबने से मौत हो गई, जबकि वाहन चालक मोहित सिंह खनायत (22) पुत्र पूरन सिंह खनायत निवासी भुजान अल्मोड़ा घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने मोहित को किसी तरह वाहन से निकालकर 108 एंबुलेंस से इलाज के लिए सीएचसी गरमपानी में भर्ती कराया, जहां इलाज के बाद परिजन उसे घर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही भुजान पटवारी गिरीश कुमार, वीएन आर्य, केएस कनवाल घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों के आक्रोश के चलते देर रात एक बजे वाहन में फंसे शव को निकाला जा सका। उसके बाद क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे करने के बाद मार्ग पर यातायात शुरू हो सका। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की रफ्तार तेज होने के चलते हादसा हुआ, जिससे वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बाद वाहन विपरीत दिशा में मुड़ गया।