Haldwani: तो इस बरसात से रकसिया के कहर से मिलेगी निजात, UUSDA नाले के स्थायी उपचार के लिए बना रहा बाक्स ड्रेन
दमुवाढूंगा से प्रेमपुर लोशज्ञानी के बीच से होकर बहने वाले रकसिया नाले के कहर से इस बरसात से संभवतया लोगों को निजात मिलेगी। उत्तराखंड शहरी सेक्टर विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) रकसिया नाले का स्थायी उपचार करने के लिए बॉक्स ड्रेन बना रही है।
विस्तार
हल्द्वानी के दमुवाढूंगा से प्रेमपुर लोशज्ञानी के बीच से होकर बहने वाले रकसिया नाले के कहर से इस बरसात से संभवतया लोगों को निजात मिलेगी। उत्तराखंड शहरी सेक्टर विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) रकसिया नाले का स्थायी उपचार करने के लिए बॉक्स ड्रेन बना रही है। इस नाले की निकासी भाखड़ा के जंगल से होकर नदी में की जाएगी।
रकसिया नाला हर बार बरसात में कहर बरपाता है। नाले के दोनों ओर लोगों के घरों, खेतों, स्कूल भवन, सार्वजनिक भवनों में भारी नुकसान होता है। किसानों की फसल चौपट हो जाती है। इलाके की पेयजल लाइनें और सिंचाई नहर क्षतिग्रस्त होने से लाखों का नुकसान होता है। वर्षों से क्षेत्रवासी इस बरसाती नाले के कहर से निजात दिलाने की मांग करते आए हैं।
सिंचाई विभाग ने कई बार नाले के ट्रीटमेंट के लिए प्रस्ताव बनाए लेकिन हर बार इसमें अड़ंगा लगता रहा। अब उत्तराखंड शहरी सेक्टर विकास एजेंसी की ओर से नाले का स्थायी उपचार करने के लिए बॉक्स ड्रेन का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके तहत बरसाती पानी की निकासी के लिए सड़क के नीचे से नाला बनाया जाएगा। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद नाले का निर्माण भी शुरू कर दिया गया है। यूयूएसडीए के अधिकारियों का कहना है कि बरसात से पहले नाले का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। नाले को कवर कर ऊपर से सड़क का निर्माण किया जाएगा।
रकसिया नाले का स्थायी उपचार किया जा रहा है। इसका निर्माण शुरू कर दिया गया है। बॉक्स ड्रेन का निर्माण पूरा होने के बाद इसके ऊपर से सड़क बनाई जाएगी। बरसात से पहले इसका निर्माण शुरू कर दिया गया है। - कुलदीप सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर, यूयूएसडीए हल्द्वानी।