Kumaon Weather: कुमाऊं में हाड़ कंपाने वाली ठंड, जगह-जगह जल रहे अलाव; जानें पहाड़ों में कब शुरू होगी बर्फबारी
Kumaon Weather: उत्तराखंड में ठंड का कहर जारी है। मैदानी इलाकों में शीतलहर चल रही है। लोग जगह-जगह अलाव का सहारा ले रहे है।
विस्तार
उत्तराखंड के कुमाऊं में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कुमाऊं के सभी जिलों ( नैनीताल, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधमसिंह नगर) में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। ठंड से बचने के लिए लोग आग का सहारा ले रहे हैं। हल्द्वानी और आसपास के इलाकों में ठंड से लोग परेशान है। यहां सुबह से लेकर शाम तक लोग आग सेंकते हुए नजर आ रहे है। शहर में लोगों के साथ-साथ आवारा मवेशी भी कांपते हुए आग के पास पहुंचकर आग सेंक रहे है।
हल्द्वानी शहर में जगह-जगह राहगीरों को ठंड से बचाने के लिए आग जलाई गई है। आग को इंसान के साथ-साथ जानवर भी सेंक रहे हैं। जानवर आग को देखकर अपने आप को रोक नहीं पा रहे हैं। हल्द्वानी शहर में कुछ लोग आग सेंक रहे थे, इसी दौरान आवारा पशु भी वहां पर आकर अपनी जगह बना कर आग सेंकते दिखाई दिए। जब तक ठंड दूर नहीं हो रही हैं, अलाव के पास ही डटे रह रहे हैं। शहर में ठंड के चलते आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है। लोग घरों से निकलने से कतरा रहे हैं। यहां तक की ठंड से बचने के लिए लोग चाय और गरम सूप का सहारा ले रहे हैं। हल्द्वानी नगर निगम और नगर पंचायतों द्वारा जगह-जगह अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है।
ये पढ़ें- Double Murder: भारामल मंदिर में हुए डबल मर्डर को लेकर एक्शन में DIG, तो SSP ने कर दिया ये दावा; ऐसे हआ था कत्ल
कोहरा और शीतलहर से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं, बुधवार को मुक्तेश्वर का तापमान माइनस में पहुंच गया।मौसम विभाग ने मैदानी इलाकों में कोहरे के साथ सर्द हवाएं चलने और ठंड बने रहने की संभावना जताई है। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला गिरेगा। अधिकतम तापमान 16.6 और न्यूनतम 6.3 डिग्री और मुक्तेश्वर का 11.4 और न्यूनतम माइनस 0.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
मौसम विज्ञान के अनुसार, सामान्य से कम तापमान होने के कारण मैदानी इलाकों में शीतलहर की स्थिति है। अभी फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं। 26 जनवरी को पर्वतीय जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। उन्होंने बताया कि कोहरे में एक-दो दिन बाद कमी हो सकेगी।