हैवानियत की हदें पार: चलती कार में तीन घंटे तक लड़की से गैंगरेप, चार लड़कों ने घटना को दिया अंजाम; केस दर्ज
उत्तराखंड के हल्द्वानी में चलती कार में एक युवती से गैंगरेप का मामला सामने आया है। कार में तीन घंटे तक लड़की से गैंगरेप किया गया। लड़की ने चार नामजद के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
विस्तार
मुखानी थाना क्षेत्र निवासी एक 22 वर्षीय युवती अपने घर से एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए पालम सिटी के लिए करीब सात बजे निकली थी। वह ई-रिक्शा से आई और सुशीला तिवारी अस्पताल के पास उतर गई। उसे वहां उसका भाई लेने के लिए आने वाला था। काफी देर तक जब वह नहीं आया तो मम्मी को फोन किया लेकिन कॉल नहीं उठाने पर वह पैदल ही हीरानगर तिराहे के पास पहुंची।
इसी बीच एक टाटा पंच कार उसके पास आकर रुकी जिसमें चार लोग सवार थे। उन्होंने युवती को कार में खींच लिया और गाड़ी लॉक कर ली। युवती ने आरोप लगाया कि शराब पी रहे युवकों ने उसका फोन ले लिया और जबरन शराब पिला दी। इसके बाद गाड़ी तीन घंटे तक हल्द्वानी की गलियों में घूमती रही। इस दौरान चारों ने उसके साथ रेप किया। युवती को मुखानी चौराहे पर उतारकर चारों फरार हो गए। इधर युवती ने अपने दोस्त को बुलाया जिसके साथ वह स्कूटी से घर पहुंची। अपनी मां को आपबीती बताई। अगले दिन युवती ने मनोज, सोनू, आशू और ऋषि के खिलाफ काेतवाली में तहरीर दी।
एसएसपी पीएन मीणा ने बताया कि पुलिस ने गौजाजाली निवासी ऋषि, मंगलपड़ाव के मनोज को गिरफ्तार किया है। कार बरामद कर ली है। ऋषि सट्टा लगाने का काम करता है।