सियासी स्कैन: उत्तराखंड में राजनीतिक हलचल, नेताजी बोले- तुम्हारा चेहरा बता रहा कि तुम झूठ बोल रहे हो
Election 2024: नैनीताल लोकसभा को पांच लाख से अधिक वोटों से जीतने का लक्ष्य लेकर उतरी एक पार्टी के राष्ट्रीय नेता ने तराई की एक विधानसभा में चुनाव प्रबंधन समितियों की बैठक की। बैठक में धरातल की हकीकत को परखा।
विस्तार
नैनीताल लोकसभा को पांच लाख से अधिक वोटों से जीतने का लक्ष्य लेकर उतरी एक पार्टी के राष्ट्रीय नेता ने तराई की एक विधानसभा में चुनाव प्रबंधन समितियों की बैठक कर धरातल की हकीकत को परखा। उन्होंने एक दायित्व निभा रहे नेताजी से बूथों पर होने वाले कार्यों की जानकारी मांगी तो नेताजी की हवाईयां उड़ गईं और वे जवाब देने के बजाय बगले झांकने लगे।
खांटी राष्ट्रीय नेता ने तपाक से कहा कि लगता है कि सोर्स से आए हो। यही नहीं उन्होंने एक और नेताजी से बढ़े मतदाताओं के आंकड़े पूछे तो उन्हाेंने अंदाजन युवा, महिला के आंकड़े गिना दिए। इस पर राष्ट्रीय नेताजी ने कह दिया कि तुम्हारा चेहरा बता रहा कि तुम झूठ बोल रहे हो। राष्ट्रीय नेता की क्लास ने विधानसभा की चुनाव समितियों में सोर्स से पद पाने वाले कईं नेताओं की हवाईयां उड़ाकर रख दी।
ये पढ़ें- हमेशा याद आएंगे बाबा: तरसेम सिंह ने स्कूल, कॉलेज के साथ अस्पताल का कराया निर्माण, गुरुद्वारों को भव्य रूप दिया
काम का बहाना...प्रचार से दूरी
सीमांत जिले के एक विधानसभा क्षेत्र में एक राष्ट्रीय दल के कार्यकर्ताओं को इस बार प्रत्याशी को बदले जाने की उम्मीद थी। टिकट के एलान में जब पुराना नाम ही सामने आया तो उनकी उम्मीदें धरी रह गईं। अब वे चर्चा कर रहे हैं कि इस बार नया उम्मीदवार होता तो अच्छा होता। यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि पार्टी से जुड़े होने के कारण उन्हें प्रचार-प्रसार में जाना पड़ रहा है। कई कार्यकर्ता तो नाराज बताए जा रहे हैं, वे बहाने बनाकर प्रचार-प्रसार से दूर भाग रहे हैं। उन्हें पार्टी के वरिष्ठ नेता फोन करके प्रचार के लिए बुला रहे हैं, लेकिन वे काम होने का हवाला देकर उनके आदेशों को टाल रहे हैं।