{"_id":"3fc844bc2b8bd3d2959c92cc3a2f190e","slug":"trc-was-coined-by-bomb-naive-jaykaron-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"बम भोले के जयकारों से गूंजा टीआरसी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बम भोले के जयकारों से गूंजा टीआरसी
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, (हल्द्वानी) नैनीताल
Updated Sun, 21 Jun 2015 01:46 AM IST
विज्ञापन
कैलास मानसरोवर यात्रियों का तीसरा जत्था शनिवार को काठगोदाम स्थित कुमाऊं मंडल विकास निगम के पर्यटक आवास गृह पहुंचा। जहां कुमाऊं मंडल विकास निगम के अधिकारियों ने कैलास मानसरोवर यात्रियों का भव्य स्वागत किया।
विज्ञापन
तीसरे दल में 16 महिलाओं समेत 48 यात्री शामिल हैं। सर्वाधिक 9-9 यात्री गुजरात और महाराष्ट्र से हैं। दोपहर भोजन के बाद यात्री अल्मोड़ा को रवाना हो गए, जो देर शाम अल्मोड़ा पहुंच गये। अल्मोड़ा में कैलास यात्रियों के मनोरंजन के लिए कुमाऊंनी-गढ़वाली लोकगीत और लोकनृत्य का आयोजन किया गया।
विज्ञापन
काठगोदाम टीआरसी में कुमाऊं मंडल विकास निगम के महाप्रबंधक टीएस मर्तोलिया ने कैलास मानसरोवर यात्रियों का फूलमालाओं से स्वागत किया।
केएमवीएन की वरिष्ठ प्रबंधक करुणा अधिकारी और बीना सुयाल ने रंगाली-पिछौड़ा पहनकर कुमाऊंनी परंपरा के साथ यात्रियों को तिलक लगाया।
इस दौरान पूरा टीआरसी परिसर हर-हर महादेव, बम-बम भोले की गूंज से गुंजायमान हो गया। तीसरे यात्री दल में जनसंपर्क अधिकारी विदेश मंत्रालय के अफसर सुखिंदर सिंह संधू और कोआर्डिनेटर चंदन सिंह बिष्ट हैं।
विज्ञापन
दल में गुजरात, महाराष्ट्र के नौ-नौ, दिल्ली के छह, उत्तर प्रदेश के पांच, राजस्थान के चार, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के तीन-तीन, कर्नाटक और उत्तराखंड के दो-दो, हरियाणा, केरल, पंजाब, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल के एक-एक यात्री शामिल हैं।
सबसे कम उम्र के गुजरात के विशाल बलदेव भाई देसाई (24) और सबसे अधिक उम्र के मध्यप्रदेश के बसंत कुमार वाडेकर (66) और छत्तीसगढ़ की दुर्गा घाटे (66) हैं।
यात्रियों का स्वागत करने वालों में टीआरसी प्रबंधक रमेश चंद्र पांडेय, तारा पांडे, गणेश नेगी, अनीस अहमद, रामब्रज, गोकुल, सुंदर, भागुली देवी, रोडवेज की ओर से कमल पपनै आदि थे।